बिलासपुर में गोमांस पकाने की सूचना पर हंगामा, हिंदू संगठन पहुंचा मौके पर, पति-पत्नी पुलिस हिरासत में

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को उस वक्त माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब एक बंद फ्लैट के भीतर कथित रूप से गोमांस पकाए जाने की सूचना फैल गई। देखते ही देखते इलाके में भीड़ जमा हो गई और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।

ad

घटना कोनी थाना क्षेत्र के देवनगर वांबे स्थित एक फ्लैट की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक फ्लैट में रहने वाले विकास बांधे और उसकी पत्नी रुक्मिणी पर गोमांस पकाने और सेवन करने का आरोप है। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन से जुड़े लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की मांग करने लगे।

youtube

कोनी थाना प्रभारी Rajshree Damu Koshle ने बताया कि पुलिस जब फ्लैट पहुंची तो पति-पत्नी कथित रूप से नशे की हालत में मिले। महिला को आसपास की महिलाओं की मदद से बाहर निकाला गया, जबकि उसके पति को पुलिस वाहन से अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने फ्लैट से मांस के टुकड़े और पका हुआ मांस जब्त किया है। जब्त सामग्री को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। हिंदू संगठन के पदाधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि दंपती लंबे समय से बाहर से मांस लाकर फ्लैट में सुखाते और उसका सेवन करते थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार विरोध के बावजूद यह गतिविधियां बंद नहीं हुईं। इसके बाद मोहल्ले के लोगों ने हिंदू संगठन को सूचना दी, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई अब लैब रिपोर्ट पर टिकी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।