राम-कृष्ण पर सियासी संग्राम , आमने-सामने आए BJP-सपा, जानें राजनीति में कैसे बना मुद्दा ?

Untitled

स्वतंत्र बोल
लखनऊ 22 नवंबर 2026:
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के नाम को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराते थे, अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में जय श्रीराम और ब्रज में राधे-राधे की गूंज सुनाई देती रहेगी। केशव मौर्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सपा से सवाल किया कि क्या अब प्रदेश की जनता को अपने आराध्य का नाम लेने के लिए भी उससे पूछना पड़ेगा? उन्होंने सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि 2027 में बीजेपी फिर सत्ता में लौटेगी।

ad

केशव मौर्य बोले- जय श्रीराम भी गूंजेगा और राधे-राधे भी

उपमुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, “सपाई पहले जय श्रीराम से घबराते थे, अब राधे-राधे सुनकर भी बेचैन हैं! अयोध्या में जय श्रीराम गूंजता है तो ब्रज में लोग राधे-राधे कहकर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं। सपा बहादुर को ये साफ करना चाहिए कि अब प्रदेश की जनता को उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा क्या?” उन्होंने आगे लिखा, “तुष्टिकरण में डूबी सपा कान खोलकर सुन ले, जय श्रीराम भी गूंजेगा और राधे-राधे भी। 2027 में सत्ता में लौटने का सपाइयों का सपना फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में फिर एक बार कमल खिलेगा।”

youtube

मथुरा की बैठक में दिया था ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ का नारा

इससे पहले मथुरा में बीजेपी की बैठक के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या के बाद मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि मंदिर के निर्माण का मुद्दा उठाया था। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को इस मुद्दे पर आगे आने की चुनौती दी थी। बैठक के दौरान बीजेपी नेताओं ने ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ जैसे नारे भी लगाए। इसके बाद राम और कृष्ण से जुड़े मुद्दों पर बीजेपी और सपा नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई।

अखिलेश और डिंपल ने भी बीजेपी पर साधा निशाना

बीजेपी के ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ नारे पर अखिलेश यादव ने तंज कसा था। उन्होंने इसे मजाकिया अंदाज में खारिज करते हुए कहा था कि यह इस बात का संकेत है कि बीजेपी उत्तर प्रदेश की सत्ता से विदाई की तैयारी कर रही है। वहीं, सपा सांसद डिंपल यादव ने बीजेपी पर आरोप लगाया था कि राम के नाम पर आए चढ़ावे और चंदे को लूटने वाले अब भगवान कृष्ण पर नजर लगाए हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा था कि बीजेपी का कमल अब मुरझा रहा है। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के नेताओं के बीच इस तरह की बयानबाजी से राम और कृष्ण से जुड़े मुद्दे राजनीतिक चर्चा के केंद्र में हैं।