स्वतंत्र बोल
मुंगेली,16 अप्रैल 2026: एक ऐसा रिश्ता, जो भरोसे पर टिका था, वही अचानक मौत की वजह बन गया। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में हुई महिला की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने जो सच सामने रखा, उसने हर किसी को सन्न कर दिया।
पूरा मामला फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र का है, जहां 12 अप्रैल की रात से एक महिला लापता हो गई थी। परिजनों ने अगले दिन गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन उसी दिन गाड़ाघाट के पास एक पगडंडी पर महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जांच के दौरान पुलिस को शक की सुई लालाराम यादव पर जाकर रुकी। हिरासत में लेकर जब उससे पूछताछ की गई, तो शुरुआत में वह टालता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के बाद उसने जो कबूल किया, वह बेहद चौंकाने वाला था।
आरोपी ने बताया कि मृतिका के साथ उसके प्रेम संबंध थे, लेकिन महिला उस पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी और उसे अपने घर ले जाने की बात कह रही थी। इसी दबाव और गुस्से में उसने एक खौफनाक फैसला ले लिया।
12 अप्रैल को उसने महिला को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। भरोसे में आई महिला उसकी मोटरसाइकिल पर बैठ गई, लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा। गाड़ाघाट पहुंचने के बाद आरोपी ने सुनसान जगह पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश भी की। उसने महिला का मोबाइल छटन गांव के तालाब में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
38 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है—क्या भरोसे के रिश्ते अब सबसे खतरनाक साबित हो रहे हैं?


