स्वतंत्र बोल कोटा 22 नवंबर 2026: राजस्थान के कोटा में कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात करीब 1 बजे तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में क्रूजर सवार एक परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। ट्रक ड्राइवर समेत 7 लोग घायल हुए हैं। हादसा नाता थाना क्षेत्र के शंभूपुरा गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि क्रूजर चकनाचूर हो गई। गाड़ी में शव और घायल फंस गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला और न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। एसपी तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, क्रूजर में एक परिवार के 15 लोग सवार थे। सभी महाराष्ट्र के धुले के रहने वाले थे और खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे थे।
हादसे में परिवार के 9 लोगों की मौत
हादसे में सज्जन पवार (62) और उनकी पत्नी उषा बाई (60), बाबूलाल (75) और उनकी पत्नी सुशीला (62), बेटा कैलाश (35), बहू अनीता (34), पोती जाह्नवी (7), माधवी (32) और सानवी (3) की मौत हुई है। सज्जन और बाबूलाल भाई थे। सानवी सज्जन की पोती और माधवी बहू थी।
तीन गाड़ियों में निकले थे 36 लोग
परिवार के कुल 36 लोग तीन अलग-अलग गाड़ियों में मंगलवार को धुले से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। उन्होंने मध्य प्रदेश में ओंकारेश्वर और उज्जैन, राजस्थान में सांवरिया सेठ, अजमेर और पुष्कर के दर्शन किए। शनिवार शाम 4 बजे परिवार खाटूश्यामजी पहुंचा था। यहां दर्शन के बाद वे वापस लौट रहे थे, तभी कोटा के पास हादसा हो गया।
यात्रा के दौरान बनाए थे वीडियो और ग्रुप फोटो
परिवार ने धार्मिक यात्रा के दौरान डांस के वीडियो भी बनाए थे। खाटूश्यामजी और सांवरिया सेठ में सभी ने ग्रुप फोटो खिंचवाई थी। यात्रा के दौरान खुशियों के ये पल हादसे के बाद मातम में बदल गए।


