स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ पटवारी संघ ने अपनी राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित कर दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात के बाद संघ ने यह फैसला लिया। मुख्यमंत्री ने पटवारियों की वेतन विसंगति और पदोन्नति संबंधी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने अपनी मांगों और समस्याओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री साय ने उनकी बातें सुनीं और कहा कि कर्मचारियों की उचित मांगों का समाधान बातचीत और आपसी समझ से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है।
वेतन विसंगति और पदोन्नति की मांगों की होगी जांच
मुख्यमंत्री ने संबंधित मांगों के अलग-अलग पहलुओं का परीक्षण करने के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाने के निर्देश दिए हैं। समिति इन मांगों की समीक्षा कर उनके निराकरण के संबंध में अपनी अनुशंसाएं देगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने हड़ताल की अवधि में हुई कार्यवाहियों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन भी दिया।
पटवारी संघ ने जताया आभार
मुख्यमंत्री के सकारात्मक रुख और समिति गठित करने के निर्देशों पर पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने आभार जताया। इसके बाद संघ ने राज्यव्यापी हड़ताल स्थगित करने की घोषणा की।


