बैरिकेडिंग के आगे रुका कांग्रेस का काफिला, दीपक बैज बोले- बस्तर की आवाज दबा रही सरकार

जगदलपुर। मध्य क्षेत्रीय परिषद की हाईप्रोफाइल बैठक के बीच जगदलपुर में मंगलवार को उस वक्त राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब केंद्रीय गृहमंत्री Amit Shah से मिलने जा रहे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक दिया। बैरिकेडिंग के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

ad

दरअसल कांग्रेस नेताओं ने पहले ही ऐलान किया था कि वे बस्तर के स्थानीय मुद्दों को लेकर गृहमंत्री अमित शाह को ज्ञापन सौंपेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij की अगुवाई में बस्तर विधायक Lakheshwar Baghel, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष Mohan Markam और अन्य कांग्रेसी नेता राजीव भवन से बैठक स्थल की ओर रवाना हुए थे।

youtube

लेकिन मिताली चौक पहुंचते ही पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को रोक दिया। इसके बाद मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच काफी देर तक बहस होती रही।

आखिरकार कांग्रेस नेताओं ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंप दिया। इस दौरान दीपक बैज ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने जा रहे प्रतिनिधिमंडल को रोकना सरकार की मंशा को उजागर करता है।

जगदलपुर में हुई इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस इसे बस्तर की आवाज दबाने की कोशिश बता रही है, जबकि प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था का हवाला दे रहा है।