डीडी नगर में काले सांड का तांडव, 15 घायल, जानिए राइफल से कैसे हुआ काबू

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 7 अक्टूबर 2026 :
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डीडी नगर वार्ड में एक काले सांड ने अनियंत्रित होकर भारी उत्पात मचाया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर इलाके में सांड के हमले से करीब 15 नागरिक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम जोन-5 और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सांड को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया।

ad

पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत 15 लोग घायल

सांड के अचानक आक्रामक होने से आसपास की सड़कों पर अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में चोटिल हुए 15 लोगों में पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती कल्पना पटेल भी शामिल हैं। उन्हें इलाज के लिए तत्काल बालाजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। वहीं सेक्टर-2 निवासी देवनारायण शर्मा पर भी सांड ने पीछे से हमला कर दिया था। फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं और उनका घर पर ही इलाज चल रहा है, जबकि उनका एक वर्ष का पोता पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है।

youtube

दिनभर नाकाम रही टीम, फिर बुलाई गई जंगल सफारी की एक्सपर्ट टीम

घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम जोन क्रमांक-5 की टीम काउ कैचर लेकर मौके पर पहुंची और दिनभर सांड को पकड़ने की कोशिश करती रही। जब नगर निगम का प्रयास सफल नहीं हुआ, तो अधिकारियों ने तुरंत वन विभाग से संपर्क साधा। इसके बाद वन विभाग-जंगल सफारी की टीम और भाठागांव पशु चिकित्सालय के डॉ. दिनेश पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने विशेषज्ञता दिखाते हुए राइफल के जरिए बेहोशी का इंजेक्शन (डार्ट) दागकर सांड को सुरक्षित रूप से काबू में किया।

इलाज के लिए जोन-5 को सौंपा गया सांड

सांड के बेहोश होने के बाद उसे आगे के इलाज के लिए नगर निगम जोन-5 के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान क्षेत्रीय पार्षद आशु चंद्रवंशी मौके पर मौजूद रहे और कार्रवाई में लगातार सहयोग करते रहे। नगर निगम, वन विभाग, जंगल सफारी और पशु चिकित्सकों की इस त्वरित कार्रवाई से किसी बड़ी अनहोनी को टाल दिया गया और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।