स्वतंत्र बोल
बालोद 7 अक्टूबर 2026: छत्तीसगढ़ के बालोद में आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी में लाइब्रेरी से घर लौट रही 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता बालोद में पदस्थ एक हेड कॉन्स्टेबल की बेटी है और एमए की पढ़ाई पूरी कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी यश सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार कर लिया है।
एकतरफा शक और खौफनाक साजिश
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी यश सोनकर के पिता मानपुर-मोहला जिले में पदस्थ पुलिसकर्मी हैं। यश और पीड़िता के बीच पिछले एक-डेढ़ साल से बातचीत थी। आरोपी छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे शक था कि वह किसी अन्य युवक से बात करती है। इसी नाराजगी में उसने अपने बीजापुर निवासी बचपन के दोस्त करण कुंजाम को बालोद बुलाकर छात्रा के चेहरे पर एसिड फेंकने की योजना बनाई।
वारदात से पहले कथित शादी और रेकी
आरोपी ने 26 सितंबर को दुर्ग से 500 एमएल सल्फ्यूरिक एसिड खरीदा था। पहले गणेश विसर्जन की झांकी में हमला करने की योजना थी, लेकिन तब आरोपी खुद झुलस गया था। इसके बाद 5 अक्टूबर को एसिड अटैक से ठीक पहले आरोपी ने कमरौद में अपने दोस्त के साथ आई महिला मित्र की मांग भरकर कथित रूप से शादी की। इसके बाद आरोपी ने अपने दोस्त को एसिड देकर कहा कि छात्रा को अपनी सुंदरता पर गुमान है, उसका चेहरा ऐसा जला दो कि वह देखने लायक न बचे। इसके बाद दोस्त ने पीछे से आकर छात्रा पर एसिड फेंक दिया।
कोर्ट परिसर में भारी बवाल और पुलिस पर हमला
मंगलवार शाम जब पुलिस दोनों आरोपियों को बालोद कोर्ट में पेश करने ले गई, तो पटेल मैदान के सामने उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन रोककर प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ ने आरोपियों पर काला-नीला रंग फेंका और उन्हें जूते की माला पहनाने की कोशिश की। कई छात्राओं ने आरोपियों को पीटने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हाथापाई हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।
पीछे के रास्ते से जेल ले गई पुलिस, वकीलों का इनकार
छात्र-छात्राओं ने करीब डेढ़ घंटे तक बालोद न्यायालय को घेरकर आरोपियों को फांसी देने की मांग की। माहौल बिगड़ता देख अधिवक्ताओं ने भी आरोपियों का केस लड़ने से साफ इनकार कर दिया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस को अपना रास्ता बदलना पड़ा और कोर्ट के पीछे के रास्ते से दूसरे वाहन में दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया।


