स्वतंत्र बोल
राजनांदगांव 22 नवंबर 2026: राजनांदगांव जिले के भर्रेगांव में घर की छत गिरने से 58 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। वह घर में छज्जे और छत का काम कर रहा था, तभी अचानक छत भरभराकर उसके ऊपर गिर गई। मजदूर मलबे में दब गया। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
छत गिरने से मलबे में दबा मजदूर
मृतक की पहचान संतोष यादव पिता गेंदू राम यादव, निवासी भर्रेगांव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, संतोष यादव अपने घर में छज्जे और छत का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक छत गिर गई और वह मलबे के नीचे दब गए।
दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलने के बाद सुरगी पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। मलबे में दबे मजदूर को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने संतोष यादव को बाहर निकाला, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
गांव में पसरा मातम
हादसे के बाद भर्रेगांव में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


