स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 7 अक्टूबर 2026 : दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी नेताओं का प्रदर्शन बुधवार को जंतर-मंतर के पास पहुंचते ही तनावपूर्ण हो गया। लंच के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई विपक्षी नेता जंतर-मंतर की ओर रवाना हुए। पुलिस ने राहुल गांधी को हिरासत में लेकर बस में बैठा दिया। इसी दौरान एक पार्टी कार्यकर्ता ने राहुल को ले जा रही पुलिस बस का टायर पंचर कर दिया।
जंतर-मंतर से करीब 100 मीटर दूर सागर रत्ना रेस्टोरेंट में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और कई अन्य नेताओं ने लंच किया था। इसमें प्रियंका गांधी, डेरेक ओ ब्रायन और महुआ मोइत्रा भी पहुंचे थे। समाजवादी पार्टी की ओर से कहा गया कि उसे लंच का न्योता नहीं दिया गया था।
हिरासत के बाद प्रियंका सड़क पर लेटीं
लंच के बाद राहुल गांधी समेत विपक्षी नेता जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचते ही पुलिस ने राहुल गांधी को बस में बैठा लिया। प्रियंका गांधी सड़क पर लेट गईं और नारेबाजी करती रहीं।
कई विपक्षी सांसद पुलिस बस की छत पर चढ़कर प्रदर्शन करते नजर आए। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
जंतर-मंतर के लिए रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ 45 FIR हैं और वह चाहते हैं कि 100 FIR हों। उन्होंने कहा कि हर FIR उनके लिए एक मेडल है।
इलाके में भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बैरिकेडिंग भी की गई थी। इलाके में BNSS की धारा 163 लागू है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के बाद इंडिया गठबंधन के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी नेता ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहते हैं, लेकिन वह उनसे मिलना नहीं चाहते। फिलहाल राहुल गांधी समेत विपक्षी सांसद जंतर-मंतर नहीं पहुंच पाए हैं। पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया है।


