स्वतंत्र बोल
रायपुर, 16 मई 2026:कोरबा जिले के दूरस्थ ग्राम लेमरू में शनिवार का दिन धरम सिंह के परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दिन बन गया। वर्षों तक कच्चे मकान में कठिन हालातों के बीच गुजारा करने वाले इस परिवार के घर अचानक मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय पहुंचे तो पूरा गांव हैरान रह गया। कुछ ही देर में माहौल भावुक हो उठा और परिवार की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राही धरम सिंह के नव निर्मित पक्के मकान का उद्घाटन किया और पूरे विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश कराया। मुख्यमंत्री ने घर के भीतर जाकर परिवार के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की और नए जीवन की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने आवास का निरीक्षण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सम्मान, सुरक्षा और नई उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने धरम सिंह के बच्चों से भी बातचीत की और उन्हें पढ़ाई के जरिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पक्का घर सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि परिवार के सुरक्षित और बेहतर भविष्य की शुरुआत होता है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के लिए डीएमएफ मद से 60 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ घर बनाकर नहीं रुक रही, बल्कि गरीब परिवारों को बेहतर जीवन के लिए जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री के आगमन से धरम सिंह का परिवार बेहद भावुक नजर आया। परिवार के सदस्यों ने सरकार की योजनाओं से मिले लाभ के लिए आभार जताया। वहीं गांव के लोगों ने कहा कि अब योजनाओं का फायदा वास्तव में जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे शासन के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
इस मौके पर उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


