स्वतंत्र बोल
रायपुर 7 अक्टूबर 20026 : मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में कल्याण-इगतपुरी रेलखंड के कसारा यार्ड में बुनियादी ढांचे और तकनीकी काम किए जाएंगे। आसनगांव-कसारा तीसरी रेल लाइन परियोजना और इगतपुरी साइड आरएंडडी एक्सटेंशन अप यार्ड में यह काम होगा। इसके लिए मध्य रेलवे ने विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लिया है। इसका असर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित कई ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा। कुछ ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी, जबकि कई गाड़ियां तय समय से घंटों देरी से रवाना होंगी।
गीतांजली एक्सप्रेस का बदलेगा रूट
16 अक्टूबर को हावड़ा से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 12860 हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजली एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन जलगांव, नंदुरबार, वसई रोड और ठाणे होकर सीएसएमटी पहुंचेगी।
7 घंटे तक देरी से चलेंगी ट्रेनें
14 अक्टूबर को सीएसएमटी से चलने वाली 12261 सीएसएमटी-हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस 1 घंटे 35 मिनट देरी से रवाना होगी। 15 अक्टूबर को यही ट्रेन 7 घंटे की देरी से चलेगी। 17 अक्टूबर को एलटीटी से चलने वाली 12101 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस 3 घंटे 45 मिनट, सीएसएमटी से चलने वाली 12809 सीएसएमटी-हावड़ा मेल एक्सप्रेस 4 घंटे 20 मिनट और एलटीटी से चलने वाली 18029 एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस 3 घंटे 30 मिनट देरी से रवाना होगी।
18 अक्टूबर को एलटीटी से चलने वाली 12811 एलटीटी-हटिया एक्सप्रेस 2 घंटे 15 मिनट देरी से चलेगी। वहीं 16 अक्टूबर को हावड़ा से चलने वाली 12870 हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस 7 घंटे देरी से रवाना होगी।
इसके अलावा 21 अक्टूबर को एलटीटी से चलने वाली 12879 एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस और 22 अक्टूबर को एलटीटी से चलने वाली 22865 एलटीटी-पुरी एक्सप्रेस भी 3 घंटे देरी से रवाना होगी।
यात्रियों से रेलवे की अपील
ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के चलते ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले रेलवे से ट्रेन के समय की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर लें।


