स्वतंत्र बोल
खेल डेस्क 22 नवंबर 2026: एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत-ए और पाकिस्तान-ए के मुकाबले में हर्षित राणा अपने आक्रामक अंदाज को लेकर चर्चा में रहे। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय तेज गेंदबाज की पाकिस्तानी बल्लेबाज शमील हुसैन और माज सदाकत से तीखी नोकझोंक हुई। शमील को आउट करने के बाद हर्षित ने उन्हें आक्रामक अंदाज में विदाई भी दी।
शमील हुसैन से भिड़े हर्षित, विकेट के बाद दिखाई आक्रामकता
हर्षित राणा ने गेंदबाजी के दौरान पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की। माज सदाकत के खिलाफ भी उनकी जुबानी जंग देखने को मिली। एक गेंद को सही से टाइम नहीं कर पाने के बावजूद माज के बल्ले और सिर से लगकर गेंद बाउंड्री तक पहुंच गई। इसके बाद भी हर्षित बल्लेबाजों से उलझते रहे। उनकी यह रणनीति शमील हुसैन के खिलाफ काम आई। पारी के 8वें ओवर में आयुष बदोनी की धीमी और फ्लाइटेड गेंद पर शमील बड़ा शॉट खेलने गए, लेकिन टाइमिंग चूक गए। गेंद शॉर्ट थर्ड मैन पर खड़े गेंदबाज के हाथों में चली गई। शमील 33 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हर्षित ने उन्हें आक्रामक अंदाज में विदाई दी।
रोहेल नजीर को भी किया आउट
लंबे समय तक चोट के कारण मैदान से बाहर रहने के बाद हर्षित इंडिया-ए की टीम में वापसी कर रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ शुरुआती ओवरों में रन खर्च करने के बावजूद उन्होंने अपनी लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी जारी रखी। बाद में उन्होंने रोहेल नजीर को बिना खाता खोले आउट किया। इसके बाद नए बल्लेबाज हसन नवाज के साथ भी उनकी नोकझोंक देखने को मिली।


