सुबह होते ही बदमाशों के घर पहुंची पुलिस! एक साथ 90 गुंडे उठाए, शहरभर में मचा हड़कंप

स्वतंत्र बोल

ad

बिलासपुर 06 जुलाई 2026। बिलासपुर में अपराधियों और आदतन बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने रविवार सुबह बड़ा अभियान चलाकर शहरभर में हड़कंप मचा दिया। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 90 संदिग्ध और आदतन गुंडा-बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के बाद कई बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जबकि 12 आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

youtube

पुलिस के मुताबिक, शहर में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी, गुंडागर्दी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमों ने चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया।

पंकज पटेल ने बताया कि जांच के बाद 76 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वहीं 12 आरोपियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने दो लोगों को अवैध धारदार हथियार के साथ भी गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों के घरों पर दबिश देकर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों का भी सत्यापन किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में पुलिस का भय कायम रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।