‘विधायक जी मुझे बहुत अच्छे लगते हैं…’ कहकर हैकर ने किया बड़ा खेल! WhatsApp हैक कर लोगों से मांगने लगा हजारों रुपये

स्वतंत्र बोल

ad

गरियाबंद 06 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में साइबर ठगों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब गरियाबंद जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन मांझी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गए हैं। उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर ठग उनके परिचितों से यूपीआई के जरिए 28 हजार रुपये भेजने की मांग कर रहे हैं। खास बात यह है कि हैकर ने मैसेज में दावा किया है कि, “विधायक जी मुझे बहुत अच्छे लगते हैं, इसलिए मैंने उनका अकाउंट हैक किया है।”

youtube

जानकारी के मुताबिक, हैकर गोवर्धन मांझी के नाम से उनके संपर्क सूची में मौजूद लोगों को संदेश भेज रहा है। मैसेज में नेटवर्क की समस्या का हवाला देते हुए तत्काल 28 हजार रुपये भेजने की बात कही जा रही है और भरोसा दिलाया जा रहा है कि रकम बाद में वापस कर दी जाएगी। इसके लिए ओटीपी और कोड से जुड़ी प्रक्रिया अपनाकर लोगों को झांसे में लेने की भी कोशिश की जा रही है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब गोवर्धन मांझी के परिचितों ने उन्हें फोन कर पैसे मांगने वाले संदेशों की जानकारी दी। इसके बाद उन्हें अपने व्हाट्सएप अकाउंट के हैक होने का पता चला।

गोवर्धन मांझी ने लोगों से अपील की है कि उनके नाम से आने वाले किसी भी संदेश पर भरोसा न करें और किसी भी स्थिति में पैसे ट्रांसफर न करें। उन्होंने बताया कि उनसे गलती से एक APK फाइल पर क्लिक हो गया था, जिसके बाद उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने की आशंका है। मामले की सूचना साइबर सेल और देवभोग पुलिस को दे दी गई है।

हैरानी की बात यह है कि हैकर व्हाट्सएप ग्रुप में खुद को छात्र बताते हुए लोगों से पैसे मांग रहा है। उसने संदेश में लिखा है कि, “मैं स्टूडेंट हूं, मुझे पैसों की जरूरत है। कल कॉलेज की फीस जमा करनी है। कोई पैसे भेज दो। मैं किसी गरीब से पैसे नहीं ले रहा हूं। विधायक जी मुझे बहुत अच्छे लगते हैं, इसलिए मैंने उनका अकाउंट हैक किया है।”

गौरतलब है कि गरियाबंद जिले में तीन दिनों के भीतर किसी बड़े भाजपा नेता का व्हाट्सएप अकाउंट हैक होने का यह दूसरा मामला है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज, लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें और पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर पुष्टि अवश्य करें।