स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 26 सितंबर 2026: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल के चलते सरकारी और पुराने निजी बैंकों का कामकाज प्रभावित हो सकता है। 5-डे बैंकिंग लागू करने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर बुलाई गई इस हड़ताल को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और बैंक ऑफ इंडिया (BOI) समेत प्रमुख बैंकों ने ग्राहकों को 28 सितंबर से पहले अपने जरूरी बैंकिंग काम निपटाने की एडवाइजरी जारी की है। वहीं, ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने रविवार, 27 सितंबर को सभी सरकारी बैंकों की शाखाएं खुली रखने के निर्देश दिए हैं।
SBI और बैंक ऑफ इंडिया ने जारी की एडवाइजरी
भारतीय स्टेट बैंक ने ग्राहकों से कहा है कि हड़ताल के दौरान शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है। हालांकि, बैंक जरूरी सेवाएं देने का पूरा प्रयास करेगा। एसबीआई और बैंक ऑफ इंडिया ने नकदी और अन्य सेवाओं के लिए एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, योनो (YONO), यूपीआई और बीसी केंद्रों जैसी 24 घंटे चालू रहने वाली डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी है।
कर्नाटक बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक भी हड़ताल में शामिल
यूएफबीयू (UFBU) का दावा है कि वह बैंकिंग सेक्टर के करीब 90 प्रतिशत कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है। इस तीन दिवसीय हड़ताल में क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के अलावा पुराने निजी क्षेत्र के बैंक भी शामिल हो रहे हैं। कर्नाटक बैंक ने ग्राहकों को सतर्क करते हुए कहा है कि उसकी शाखाओं और विभागों का सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है, हालांकि बैंक परिचालन बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।
नए प्राइवेट बैंकों पर नहीं पड़ेगा असर
एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक जैसे नए निजी क्षेत्र के बैंक इस हड़ताल से बाहर हैं और वहां सामान्य रूप से काम चलता रहेगा। इस बीच वित्त मंत्रालय ने बैंक यूनियनों से हड़ताल वापस लेने और बची हुई मांगों को बातचीत के माध्यम से हल करने की अपील की है। मंत्रालय का कहना है कि कर्मचारी संगठनों की ज्यादातर मांगों का काफी हद तक समाधान किया जा चुका है।


