चारों तरफ पानी, डूबे रपटे और घरों में घुसा नाला…: धमतरी में 24 घंटे में 90 मिमी बारिश के बाद हाहाकार

Untitled

स्वतंत्र बोल
धमतरी 26 सितंबर 2026:
लगातार हो रही भारी बारिश के बाद लबालब भरे गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोलकर महानदी में पानी छोड़ा गया है। पानी छोड़े जाने से नदी किनारे बसे गांवों में जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है, जिससे बाढ़ का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। इस बीच जलभराव के कारण अमेठी गांव एक बार फिर पानी से पूरी तरह घिर गया है।

ad

अमेठी गांव से 5 परिवारों का रेस्क्यू, सुरक्षित जगह शिफ्ट

बिगड़ते हालात को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर एसडीएम दीपक निकुंज की टीम ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। प्रशासन ने अमेठी गांव के 5 परिवारों के 25 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। रेस्क्यू किए गए लोगों में कमलदेव निषाद, अग्नु निषाद, काशी राम निषाद, धिराजू निषाद और तुलसी फेकर के परिवार शामिल हैं। एसडीएम ने बताया कि बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण महानदी और सहायक नदी-नालों का जलस्तर अभी और बढ़ सकता है।

youtube

12 तटीय गांवों में अलर्ट जारी, राहत दल तैनात

बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मलपुरी, मोहान, रीवडीह, बम्हनी, चरोदा, अमेठी, मुडियाडीह, धमनी, बल्दा कछार, रिवासरार, पिपरछेड़ी और दोनाझार समेत आसपास के 12 गांवों में अलर्ट घोषित किया है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही राहत व बचाव दल तैनात कर दिए गए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से नदी-नालों के पास न जाने और आपात स्थिति में तुरंत अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है।

निचली बस्तियों में घुसा पानी, रपटे डूबे

लगातार हो रही वर्षा से रुद्री और गोकुलपुर समेत कई कॉलोनियों की निचली बस्तियों में जलभराव हो गया है और पानी घरों के भीतर घुस गया है। कई पुल-पुलिया और रपटों के ऊपर पानी बहने से आवागमन और संपर्क बाधित हुआ है। शहर में दुकानें बंद रहीं और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आ रहा है।

एक ही दिन में 90 मिमी बारिश, धमतरी में सबसे ज्यादा

भू-अभिलेख शाखा के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 1 जून से अब तक कुल 1201 मिमी औसत बारिश दर्ज हो चुकी है। बीते दिन 25 सितंबर को ही जिले में औसतन करीब 90 मिमी बारिश दर्ज की गई। तहसीलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो धमतरी में 1280 मिमी, नगरी में 1256 मिमी, बेलरगांव में 1201 मिमी, कुरूद में 1186 मिमी, भखारा में 1153 मिमी तथा मगरलोड और कुकरेल में 1141-1141 मिमी बारिश दर्ज की गई है।