स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 मई 2026: मैट्रिमोनियल एप पर हुई दोस्ती एक कामकाजी युवती के लिए डरावना अनुभव बन गई। रायपुर में एक युवक ने खुद को दिल्ली निवासी बताकर पहले युवती का भरोसा जीता, फिर मिलने के बहाने उसके घर पहुंचा और खाने में बेहोशी की दवा मिलाकर लाखों की चोरी कर फरार हो गया।
मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है। पीड़ित युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह अवंती विहार में अन्य युवतियों के साथ किराए के मकान में रहती है। उसकी पहचान ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म ‘जीवनसाथी’ एप के जरिए एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम अभिनव सिंह बताया था।
बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और फिर मिलने का प्लान बना। आरोपी युवक ने खुद को दिल्ली निवासी बताया था, लेकिन जानकारी के मुताबिक वह पंजाब से दिल्ली होते हुए रायपुर पहुंचा।
युवती के मुताबिक जिस दिन घटना हुई, उस वक्त उसकी अन्य रूममेट्स काम पर गई हुई थीं। इसी दौरान उसने युवक को कमरे पर बुलाया। दोनों ने ऑनलाइन खाना ऑर्डर किया और घर में ही पार्टी की। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने चिकन में बेहोशी की दवा मिला दी।
खाना खाने के कुछ देर बाद युवती बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तो कमरे का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। आरोपी युवक कमरे से गायब था और साथ ही युवती तथा उसकी रूममेट्स के सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी चोरी हो चुकी थी।
घटना के बाद युवती सीधे थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ चोरी और ठगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस का मानना है कि आरोपी पहले से ऐसी वारदातों में शामिल हो सकता है और मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को निशाना बनाता रहा हो। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


