स्वतंत्र बोल
रायपुर 21 नवंबर 2026: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी दिखाई दे रहा है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 21 नवंबर को बलरामपुर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है। कुछ इलाकों में दो दिन बाद भी मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान अकवान
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर को कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदल गया। यह उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। अगले कुछ घंटों में इसके और कमजोर होकर अवदाब और फिर स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना है। इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
रायपुर में बादल, बारिश के भी आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को रायपुर में आसमान में बादल छाए रहेंगे। शहर के एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने जिन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें शामिल हैं
-
बलरामपुर
-
जांजगीर-चांपा
-
जशपुर
-
रायगढ़
-
सक्ती
-
सारंगढ़-बिलाईगढ़
-
सरगुजा
इन जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान है। कुछ जगहों पर गरज-चमक और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश हुई?
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। नया बाराद्वार में सबसे ज्यादा 3 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा बसना, छुरा, बागबाहरा और मालखरौदा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
इन स्थानों पर 1-1 सेंटीमीटर बारिश हुई
-
सरायपाली
-
पिथौरा
-
सेवरीनारायण
-
कोमाखान
-
चंद्रपुर
-
बम्हनीडीह
-
महासमुंद
-
नवागढ़
-
गरियाबंद
-
गोबरा नवापारा
-
भोथिया
-
राजिम
-
हसौद
-
पलारी
सरगुजा में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान, पेण्ड्रा रोड सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटों के मौसम आंकड़ों के मुताबिक, सरगुजा और अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेण्ड्रा रोड में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा।


