स्वतंत्र बोल
रायपुर 22 मई 2026: राजधानी रायपुर के कोटा इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ट्रांसफॉर्मर अचानक आग के गोले में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका इतना तेज था कि लोगों को कुछ पल के लिए IED बम ब्लास्ट जैसी आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
बताया जा रहा है कि ट्रांसफॉर्मर में अचानक तेज आवाज के साथ विस्फोट हुआ, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें और काला धुआं आसमान तक दिखाई देने लगा। आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। प्रशासन और बिजली विभाग की टीम ने एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने की असली वजह का पता लगाने जांच जारी है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
फिलहाल इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। वहीं ट्रांसफॉर्मर में हुए धमाके और आग की तस्वीरें इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।


