तेलीबांधा चौक का नाम बदलेगा या नहीं? CM साय ने साफ किया पूरा मामला

1791462918 cface0a2b6a9d9a8fe64

स्वतंत्र बोल
रायपुर 8 अक्टूबर 2026:
रायपुर के तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन को लेकर चल रहे भ्रम पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है। चौक के नाम में कोई परिवर्तन नहीं होगा और उसके मूल स्वरूप के साथ भी किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी।

ad

मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा में बताया कि प्रदेश में 38 स्थानों को ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के तहत विकसित किए जाने की घोषणा की गई है। इसमें रायपुर का तेलीबांधा चौक भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर किसी को भ्रम में रहने की जरूरत नहीं है। तेलीबांधा चौक का नाम पहले की तरह ही रहेगा। इसे केवल ‘सेवा ज्योति संकल्प’ की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

youtube

25 साल की जनसेवा के अवसर पर अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में भी इसे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में दुर्ग में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए संचालित महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को शुभकामनाएं दीं।

दुर्ग को विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस अवसर पर दुर्ग जिले को विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी कार्यों की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के हर क्षेत्र और हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।