किराए का फ्लैट, 2 सट्टा पैनल और 10 आरोपी… दुर्ग पुलिस ने खोली पूरी कड़ी

Image 4

स्वतंत्र बोल
दुर्ग 8 अक्टूबर 2026 : दुर्ग पुलिस ने साइबर अपराध, म्यूल बैंक खातों के दुरुपयोग और ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के ठाणे से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना वैशाली नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने एक किराए के फ्लैट में चल रहे दो ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से 31 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 12 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड और 2 बैंक पासबुक समेत डिजिटल और तकनीकी उपकरण जब्त किए हैं।

ad

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई थाना वैशाली नगर में दर्ज अपराध की जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खातों और ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन से जुड़े इनपुट के आधार पर की गई। तकनीकी साक्ष्यों की जांच में पता चला कि दुर्ग-भिलाई और धमतरी क्षेत्र के कुछ युवक ठाणे में किराए का फ्लैट लेकर ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनल चला रहे थे।

youtube

ठाणे के फ्लैट में चल रहे थे दो सट्टा पैनल

तकनीकी साक्ष्यों की पुष्टि के बाद दुर्ग पुलिस की टीम ने ठाणे में दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, एक किराए के फ्लैट में 10 आरोपी दो अलग-अलग ऑनलाइन सट्टा-बेटिंग पैनलों का संचालन करते मिले।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा अलग-अलग बैंक खातों और डिजिटल भुगतान माध्यमों से सट्टे से जुड़े पैसों का लेन-देन किया जा रहा था। पुलिस को जांच के दौरान करोड़ों रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से जुड़े विवरण और वित्तीय लेन-देन के सुराग मिले हैं। इनका विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है।

शिफ्ट में चलाते थे ऑनलाइन पैनल

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, दोनों सट्टा पैनलों का संचालन शिफ्ट के आधार पर किया जाता था। आरोपी ऑनलाइन माध्यम से आपस में समन्वय करते थे। रोजाना होने वाले लेन-देन का हिसाब भी डिजिटल माध्यम से रखा जाता था।

पुलिस ने मोबाइल फोन, लैपटॉप, पेन ड्राइव और अन्य डिजिटल उपकरणों को जांच के लिए जब्त किया है। इनकी तकनीकी और डिजिटल फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। पुलिस इसके जरिए सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की कड़ियों का पता लगा रही है।

10 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने विष्णु तिवारी (19), अंकित निषाद (23), नितेश कुमार (24), नरेश कन्हाई (24), दीपक कश्यप (27), मेहुल निषाद (23), हर्ष वर्धन निषाद (19), संतोष राम (28), भुवन लाल देवांगन (28) और चेतन ध्रुव (27) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी छत्तीसगढ़ के भिलाई, धमतरी, कांकेर और बोरी क्षेत्र के अलावा बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले हैं।

31 मोबाइल और 12 ATM कार्ड जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 लैपटॉप और 31 मोबाइल फोन जब्त किए। इसके अलावा 12 एटीएम कार्ड, 2 पैन कार्ड और 2 बैंक पासबुक भी बरामद की गईं।

पुलिस ने एक वाई-फाई/इंटरनेट उपकरण, पेन ड्राइव, पावर बैंक, चार्जर, विभिन्न केबल, नगदी और अन्य डिजिटल सामग्री भी जब्त की है।

म्यूल बैंक खातों की भी जांच

जांच में म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल का पहलू भी सामने आया है। पुलिस ऐसे बैंक खातों के जरिए हुए संदिग्ध ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।

पुलिस अब यह पता लगा रही है कि जब्त किए गए बैंकिंग साधन किन लोगों के नाम पर हैं और इनके जरिए किन-किन खातों में रकम भेजी गई। डिजिटल उपकरणों की जांच और वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण के बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने की संभावना पुलिस जांच में है।