40 IPS का प्रमोशन, कौन संभालेगा नए पद? नए साल में बदल सकती है जिलों की कमान

MP IPS promotion (1)

स्वतंत्र बोल
भोपाल 22 नवंबर 2026:
मध्यप्रदेश पुलिस में दिसंबर महीने में बड़े स्तर पर पदोन्नति की तैयारी है। प्रदेश के करीब 40 आईपीएस अधिकारियों को प्रमोशन मिलने की संभावना है। इसके लिए अगले महीने विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक होगी। इसमें स्पेशल डीजी, एडीजी, आईजी और डीआईजी पदों पर पदोन्नति के प्रस्तावों पर विचार किया जाएगा। प्रस्ताव के मुताबिक, एक अधिकारी स्पेशल डीजी, एक एडीजी, करीब 20 अधिकारी आईजी और 18 अधिकारी डीआईजी बन सकते हैं। पदोन्नति एक जनवरी से प्रभावी होने की संभावना है। इसके बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर जिलों तक प्रशासनिक बदलाव हो सकते हैं। कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों की पदस्थापना भी बदलने के आसार हैं।

ad

मीनाक्षी शर्मा बनेंगी स्पेशल डीजी

स्पेशल डीजी पद पर पदोन्नति के लिए एडीजी मीनाक्षी शर्मा का नाम प्रमुख है। डीजीपी कैलाश मकवाना के रिटायरमेंट के बाद उन्हें स्पेशल डीजी के पद पर पदोन्नति मिल सकती है। फिलहाल मीनाक्षी शर्मा दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में पदस्थ हैं। उनके प्रमोशन के साथ ही 1995 बैच के आईपीएस अधिकारियों के डीजी बनने का रास्ता भी खुल जाएगा। इससे प्रदेश पुलिस के शीर्ष नेतृत्व में आने वाले समय में नए अधिकारियों को जिम्मेदारी मिलने की संभावना है।

youtube

अभय सिंह बनेंगे एडीजी

2003 बैच के आईपीएस अधिकारी अभय सिंह को भी पदोन्नति का लाभ मिलेगा। वे एक जनवरी को एडीजी के पद पर पदोन्नत होंगे। फिलहाल वे आईजी योजना के पद पर पदस्थ हैं। अभय सिंह भोपाल और सागर समेत प्रदेश के कई जिलों में एसपी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में प्रतिनियुक्ति पर भी रह चुके हैं। इसके अलावा भोपाल ग्रामीण और इंटेलिजेंस में आईजी के रूप में काम किया है।

2009 बैच के करीब 20 अधिकारी बनेंगे आईजी

आईजी पद पर पदोन्नति के लिए 2009 बैच के करीब 20 अधिकारियों के नाम प्रस्तावित हैं। इनमें डीआईजी इंटेलिजेंस तरुण नायक, डीआईजी उज्जैन नवनीत भसीन, अमित सिंह, संतोष सिंह गौर, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, सुनील कुमार पांडे, ओम प्रकाश त्रिपाठी, मोनिका शुक्ला, मनोज कुमार सिंह, सुनील कुमार जैन, अवधेश कुमार गोस्वामी, मनोज कुमार श्रीवास्तव, साकेत प्रकाश पांडे, अमित सांघी, तुषारकांत विद्यार्थी, सत्येंद्र कुमार शुक्ला, वीरेंद्र कुमार सिंह, प्रशांत खरे, अतुल सिंह और मनोज कुमार अग्रवाल शामिल हैं। इन अधिकारियों ने आईपीएस सेवा के 18 वर्ष पूरे कर लिए हैं। डीपीसी की मंजूरी मिलने पर इन्हें एक जनवरी से आईजी पद पर पदोन्नति मिल सकती है।

2012 और 2013 बैच के अधिकारी बनेंगे डीआईजी

डीआईजी पद पर पदोन्नति के लिए 2012 और 2013 बैच के अधिकारियों के नाम प्रस्तावित हैं। इनमें सिद्धार्थ चौधरी, यशपाल सिंह राजपूत, धर्मवीर सिंह, अरविंद तिवारी, प्रमोद कुमार सिन्हा, विजय कुमार भगवानी, राजीव कुमार मिश्रा, नवनीत भसीन, रश्मि ठाकुर, जगदीश डाबर, संतोष कोरी और मनोहर सिंह मंडलोई शामिल हैं। इसके अलावा 2013 बैच के पांच अधिकारियों को भी डीआईजी बनाया जाएगा। हालांकि वैष्णव शर्मा की पदोन्नति एक जांच के कारण अटक सकती है। प्रियंका मिश्रा और वीरेंद्र कुमार मिश्रा प्रतिनियुक्ति पर हैं। इन अधिकारियों की पदोन्नति को लेकर अलग से स्थिति स्पष्ट होगी।

प्रमोशन के बाद बदलेगी जिलों की कमान

पदोन्नति के लिए 14 और 15 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके अधिकारियों को डीआईजी बनने का अवसर मिलेगा। वहीं 18 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अधिकारी आईजी और 24 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले अधिकारी एडीजी पद पर पदोन्नत होंगे। डीपीसी के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर मैदानी पदस्थापनाओं तक बदलाव संभावित हैं। वरिष्ठ पदों पर पदोन्नति के बाद अधिकारियों के वर्तमान पद खाली होंगे। ऐसे में नई पदस्थापनाओं के साथ कई जिलों में एसपी भी बदले जा सकते हैं। दिसंबर में होने वाली डीपीसी के बाद मध्यप्रदेश पुलिस में नए साल की शुरुआत बड़े प्रशासनिक बदलावों के साथ हो सकती है।