छत्तीसगढ़ में मौत बनकर दौड़ी रफ्तार! बीजेपी नेता समेत 2 लोगों की दर्दनाक मौत, टक्कर मारकर फरार हुए वाहन

स्वतंत्र बोल
रायपुर,23 मई 2026: छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। धमतरी और सरगुजा जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने सनसनी फैला दी। इन हादसों में भाजपा बूथ अध्यक्ष समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मामलों में टक्कर मारने वाले वाहन चालक मौके से फरार हो गए, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

ad

पहला हादसा सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-43 पर हुआ। यहां भाजपा बूथ अध्यक्ष शिव मंगल दास को एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन चालक उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया और फिर मौके से फरार हो गया।

youtube

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिव मंगल दास को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

वहीं दूसरा हादसा धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में हुआ। यहां पीपरछेड़ी निवासी नारायण महार देर रात राइस मिल से काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान तेलीनसत्ती के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल है।

फिलहाल पुलिस दोनों मामलों में अज्ञात वाहन चालकों की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।