स्वतंत्र बोल
रायपुर 11 जून 2026: राजधानी रायपुर के सबसे व्यस्ततम ऑटोमोबाइल सेक्टर बाजार एमजी रोड स्थित सिंधी मार्केट के पास गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक टायर दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के व्यापारियों एवं लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जय ऑटो पार्ट्स के बाजू में स्थित एक टायर दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही मौदहापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में आग लगने की घटना के चलते कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस और दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने और नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है। घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।


