स्वतंत्र बोल
रायपुर 10 अक्टूबर 2026 : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में खरोरा थाना क्षेत्र के बंगोली के पास कार और ट्रैक्टर की टक्कर में पुलिस जवान समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक तर्रा गांव के रहने वाले थे। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
खरोरा से रायपुर जा रहे थे तीनों युवक
जानकारी के मुताबिक, कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी कार से खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगोली के पास उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कमलेश वर्मा सिलतरा थाने में पदस्थ थे।
कार में फंस गया था घायल युवक
हादसे में गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। वह कार में फंस गया था। दुर्घटना के बाद अजय देवांगन, ललित साहू और अजय वर्मा ने उसे कार से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायल युवक को दौंदेकला स्थित लक्ष्मीनारायण अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसका उपचार जारी है।
फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही फरार चालक की तलाश भी की जा रही है।


