स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 नवंबर 2026: वाराणसी में देव दीपावली पर मंगलवार को गंगा के घाटों से लेकर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों तक 21 लाख दीप जलाए गए। इस बार उत्सव में आधुनिक तकनीक का भी खास आकर्षण रहा। गंगा के ऊपर पहली बार 2,100 मेड इन इंडिया ड्रोन से शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों की आकृतियां दिखाई गईं। वहीं, पर्यटकों के लिए 84 घाटों का जीपीएस आधारित ऑडियो टूर भी शुरू किया गया। अब लोग 15 भाषाओं में घाटों का इतिहास और उनसे जुड़ी धार्मिक मान्यताएं सुन सकेंगे। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर उत्सव की शुरुआत की। इसी दौरान ‘वाराणसी 84 घाट्स ऑडियोबुक ऑडियो टूर’ लॉन्च किया गया। यह सुविधा यूपी टूरिज्म की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर उपलब्ध है।
घाट पर पहुंचते ही मोबाइल पर सुनाई देगा इतिहास
इस ऑडियो टूर की खास बात यह है कि पर्यटकों को घाटों का इतिहास जानने के लिए गाइड की जरूरत नहीं होगी। किसी घाट के पास पहुंचते ही उससे जुड़ी जानकारी अपने आप सुनाई देने लगेगी। इसमें पैदल घूमने और नाव से भ्रमण करने के लिए अलग-अलग विकल्प दिए गए हैं। ऑडियो टूर में 84 घाटों के लिए अलग-अलग अध्याय तैयार किए गए हैं। इनमें घाटों का इतिहास, धार्मिक परंपराएं और स्थानीय मान्यताएं शामिल हैं। ऑडियो के साथ तस्वीरें, लिखित जानकारी और इंटरैक्टिव मैप भी मिलेगा। पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार ऑडियो को रोककर दोबारा चला सकेंगे। इसकी सामग्री डाउनलोड करने के बाद बिना इंटरनेट के भी सुनी जा सकती है। यानी पर्यटक काशी पहुंचने से पहले घर बैठे भी घाटों से जुड़ी कहानियां जान सकते हैं।
15 भाषाओं में सुन सकेंगे घाटों की कहानी
ऑडियो टूर हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, तमिल, तेलुगु, गुजराती, कन्नड़, ओड़िया, मलयालम, उर्दू, फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश, जापानी और कोरियाई भाषाओं में उपलब्ध है। मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह पहल काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को आधुनिक तकनीक से जोड़ती है। इससे श्रद्धालु, पर्यटक, विद्यार्थी और संस्कृति में रुचि रखने वाले लोग घाटों के ऐतिहासिक महत्व, धार्मिक परंपराओं और स्थानीय मान्यताओं को जान सकेंगे।
10 मिनट के ड्रोन शो में दिखीं 15 आकृतियां
देव दीपावली पर गंगा के सामने चेत सिंह घाट के सामने की रेती पर पहली बार ड्रोन शो आयोजित किया गया। इसमें 2,100 मेड इन इंडिया ड्रोन ने 10 मिनट तक आसमान में 15 अलग-अलग आकृतियां बनाईं। इनमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, शिव तांडव और गंगा अवतरण के दृश्य शामिल थे। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा काल भैरव की आकृतियां भी दिखाई गईं। ड्रोन के जरिए काशी की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान को आसमान में प्रदर्शित किया गया।
घाटों से लेकर मंदिरों तक 21 लाख दीपों की रोशनी
देव दीपावली पर गंगा के दोनों किनारों पर दीपों की कतारें सजाई गईं। पानी में झिलमिलाती दीपों की परछाइयों ने घाटों की रौनक बढ़ाई। पूरे वाराणसी में कुल 21 लाख दीप जलाए गए। इनमें घाटों, सामने की रेती, कुंडों और अन्य आयोजन स्थलों पर दीपदान के दौरान 11 लाख दीप शामिल थे। दीप जलाने में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया। शहर के मंदिरों को सजाया गया और प्रमुख इमारतों को रोशनी से जगमग किया गया। घाटों पर रंगोली और सजावट भी की गई।


