स्वतंत्र बोल
रायपुर 10 अक्टूबर 2026: रायपुर नगर निगम में जोन आयुक्तों के वित्तीय अधिकार घटने से मरम्मत के काम प्रभावित हो रहे हैं। सड़क के गड्ढों की पैचवर्क मरम्मत नहीं हो रही, 550 स्ट्रीट लाइट खराब हैं और 14 सफाई वाहनों के टायर बदलने का काम भी अटका है। छोटे कामों की फाइलें अब मंजूरी के लिए निगम मुख्यालय भेजनी पड़ रही हैं।
रायपुर नगर निगम के जोन कार्यालयों में सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और सफाई से जुड़े छोटे कामों के लिए भी इंतजार करना पड़ रहा है। पहले जोन आयुक्त अपने स्तर पर 6 लाख रुपये तक के काम करा सकते थे। करीब तीन महीने पहले यह वित्तीय सीमा घटाकर 50 हजार रुपये कर दी गई। इसके बाद छोटे कामों की फाइलें भी स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजी जा रही हैं।
दो जोन की समीक्षा बैठकों में पार्षदों ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, पाइपलाइन विस्तार, स्ट्रीट लाइट सुधार और सफाई व्यवस्था से जुड़े काम समय पर नहीं हो पा रहे हैं। जोन से भेजी गई फाइलें ऑडिट और मंजूरी की प्रक्रिया में अटक रही हैं। इसका असर वार्डों में नागरिक समस्याओं के निराकरण पर पड़ रहा है।
14 गाड़ियों के टायर खराब, सफाई व्यवस्था प्रभावित
जोन की 14 गाड़ियों के टायर खराब हैं। इन वाहनों से वार्डों में सड़क और नालियों की सफाई में लगे प्लेसमेंट कर्मचारी पूरी क्षमता से काम नहीं कर पा रहे हैं। टायर खरीदने के लिए अब टेंडर जारी करने की तैयारी की जा रही है।
समीक्षा बैठक में विधायक राजेश मूणत ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब गाड़ियों की मरम्मत तक नहीं हो पा रही है, तो पूरे जोन में सफाई और विकास कार्य किस स्तर पर होंगे, यह चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों को सफाई, स्ट्रीट लाइट और पेयजल से जुड़ी समस्याओं का तय समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
सात वार्डों में 550 स्ट्रीट लाइट खराब
जोन-8 के अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर के मुताबिक, जोन के सभी सात वार्डों में 550 स्ट्रीट लाइट खराब हैं। इनका सर्वे पूरा हो चुका है, लेकिन फंड की कमी के कारण मरम्मत नहीं हो सकी है।
समीक्षा बैठक में तय किया गया कि स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के लिए पार्षद निधि और महापौर निधि का उपयोग किया जाएगा। निगम में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से हाईमास्ट लाइट लगाने का काम भी अधूरा है। जोन अध्यक्ष के अनुसार, इसकी उपयोगिता कम होने के कारण बची हुई राशि को जोन के संधारण कार्यों में लगाने का निर्णय लिया गया है।
संधारण की फाइलें प्राथमिकता से मंजूर कर रहे: अपर आयुक्त
नगर निगम के अपर आयुक्त विनोद पांडेय ने बताया कि समीक्षा बैठक में वार्डों के विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। पार्षदों ने कई समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए जोन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। संधारण से जुड़ी फाइलों को भी प्राथमिकता से स्वीकृत किया जा रहा है।


