स्वतंत्र बोल
रायपुर 24 नवंबर 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के प्रवास के दौरान भिलाई के सेक्टर-6 में दुर्ग रेंज के नए साइबर थाना भवन का लोकार्पण किया। 33.24 लाख रुपए की लागत से बने इस भवन से दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले में साइबर अपराधों की जांच और कार्रवाई में मदद मिलेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने रूआबांधा में नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया। पुलिस नियंत्रण कक्ष में उन्नत एकलव्य प्रशिक्षण हॉल और परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलिंग व किलकारी कक्ष का भी लोकार्पण किया। नए साइबर थाने का क्षेत्राधिकार दुर्ग रेंज के तीन जिलों—दुर्ग, बालोद और बेमेतरा तक रहेगा। इसकी स्थापना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 और बौद्धिक संपदा अधिकारों से जुड़े अपराधों की रोकथाम और कार्रवाई के लिए की गई है। यहां ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और दूसरे साइबर अपराधों की जांच की जाएगी। इससे अपराधियों की पहचान और पीड़ितों को जल्द सहायता देने में पुलिस को मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नए साइबर थाना भवन से दुर्ग रेंज में साइबर अपराधों की रोकथाम और विवेचना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रशिक्षण और परिवार परामर्श केंद्र को मिली नई सुविधा
सेक्टर-6 स्थित पुलिस नियंत्रण कक्ष में सीएसआर मद से 15 लाख रुपए की लागत से एकलव्य प्रशिक्षण हॉल का उन्नयन किया गया है। इससे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं, जिला खनिज संस्थान न्यास मद से 10 लाख रुपए की लागत से परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग कक्ष और किलकारी कक्ष बनाए गए हैं। इन सुविधाओं से पारिवारिक समस्याओं के समाधान के लिए परामर्श देने और महिलाओं व बच्चों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
रूआबांधा में नई पुलिस चौकी, नशामुक्ति अभियान भी शुरू
मुख्यमंत्री ने नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा का भी उद्घाटन किया। इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करने और आम नागरिकों को पुलिस सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने पोस्टर का विमोचन कर संकल्प अभियान-नशामुक्ति की शुरुआत भी की। अभियान के जरिए समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए काम किया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चन्द्राकर, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


