स्वतंत्र बोल
रायपुर 10 अक्टूबर 2026: राजधानी में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां अनजान लिंक खोलने के बाद एक महिला के बैंक खाते से छह दिनों में 5.44 लाख रुपये निकल गए। शिकायत के मुताबिक, महिला के पति ने मोबाइल पर आया लिंक खोला था। इसके बाद 20 से 26 सितंबर के बीच अलग-अलग किस्तों में रकम अज्ञात खातों में ट्रांसफर हुई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
आरडी तुड़वाने के बाद खाते में जमा हुए थे 7.63 लाख रुपये
शिकायत के अनुसार, महिला और उनके पति ब्रिजेश चंद्र शुक्ला के नाम श्रीराम फाइनेंस में रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी) खाता था। महिला ने 19 सितंबर को यह आरडी तुड़वाई थी। इसके बाद 7,63,412 रुपये शिवानंद नगर स्थित एसबीआई शाखा के खाते में जमा हुए।
इस बैंक खाते से जुड़ा मोबाइल नंबर महिला के पति इस्तेमाल करते हैं। इसी मोबाइल पर अनजान लिंक आया था, जिसे उन्होंने खोल दिया।
छह दिनों में अलग-अलग किस्तों में निकले पैसे
शिकायत में दी गई जानकारी के मुताबिक, खाते से रकम कई किस्तों में निकाली गई। निकासी का विवरण इस तरह है:
- 20 सितंबर: 87 हजार रुपये।
- 21 सितंबर: 87 हजार रुपये।
- 22 सितंबर: पांच किस्तों में कुल 94 हजार रुपये।
- 23 सितंबर: 89 हजार रुपये।
- 24 सितंबर: 89 हजार रुपये।
- 26 सितंबर: 98 हजार रुपये।
इस तरह छह दिनों में खाते से कुल 5.44 लाख रुपये निकल गए।
मोबाइल में अनजान ऐप इंस्टॉल होने की आशंका
महिला को आशंका है कि अनजान लिंक खोलने के बाद मोबाइल में कोई अनजान ऐप इंस्टॉल हुआ होगा। उनका शक है कि इसी के जरिए खाते से रकम निकाली गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


