स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 नवंबर 2026: रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के मामले में आजाद चौक पुलिस ने एक डॉक्टर सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में डॉक्टर, पुरुष नर्स और उसका सहयोगी शामिल हैं। इस मामले में अब तक छह आरोपी पकड़े जा चुके हैं। जांच में डॉक्टर की भूमिका सामने आई है, जो कथित तौर पर अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। पुलिस के मुताबिक, थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 307/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पहले तीन महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ और जांच में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा को भी गिरफ्तार किया है।
अस्पताल में भर्ती किए बिना बनाता था डिस्चार्ज टिकट
पुलिस जांच के मुताबिक, डॉ. खिर सिंधु महानंद नवजात शिशु के कथित क्रेता को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करता था। इसके बाद यह दस्तावेज महिला आरोपी कृतिका साहू को उपलब्ध कराया जाता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वर्ष 2026 में तीन डिलीवरी होने और 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जाने की जानकारी दी है। इस मामले में पुलिस ने डॉक्टर के कब्जे से प्रार्थिया के उपचार से संबंधित दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड रजिस्टर जब्त किया है।
अब तक छह आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में पहले कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया गया था। अब डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या छह हो गई है।
पुलिस नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना को लेकर पुलिस जांच जारी है।


