29 अप्रैल को कैबिनेट बैठक, 30 अप्रैल को विधानसभा का खास सत्र, महिला आरक्षण पर सत्ता-विपक्ष आमने-सामने आने के संकेत

स्वतंत्र बोल 
रायपुर 28 अप्रैल 2026: छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर गरमाने वाली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 29 अप्रैल को होने वाली कैबिनेट बैठक को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में सुबह 11:30 बजे होने वाली इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है, लेकिन सबसे ज्यादा नजरें आगामी विधानसभा विशेष सत्र पर टिकी हुई हैं।

जानकारी के अनुसार, इस कैबिनेट बैठक में 30 अप्रैल को प्रस्तावित विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र की रणनीति को अंतिम रूप दिया जा सकता है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, छठवीं विधानसभा का नवम सत्र 30 अप्रैल को आयोजित होगा, जिसमें एक ही बैठक में शासकीय कार्य संपादित किए जाएंगे।

हालांकि, इस बार का सत्र सिर्फ औपचारिक नहीं माना जा रहा। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि महिला आरक्षण का मुद्दा सदन में जोरदार टकराव का कारण बन सकता है। सत्ता पक्ष भाजपा इस मुद्दे पर विपक्ष की भूमिका को लेकर आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है और निंदा प्रस्ताव लाने की संभावना जताई जा रही है।

दूसरी ओर कांग्रेस भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है। सूत्रों के अनुसार, विपक्ष महिला आरक्षण के क्रियान्वयन और उससे जुड़े राजनीतिक पहलुओं को लेकर सरकार से सीधे सवाल पूछ सकता है।

ऐसे में 29 अप्रैल की कैबिनेट बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है, जहां बंद कमरे में आगे की राजनीतिक रणनीति तय होगी। यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में कुछ और बड़े फैसलों पर भी मुहर लग सकती है, जिनका असर सीधे आगामी सत्र में देखने को मिलेगा।

अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह विशेष सत्र सिर्फ औपचारिक कार्यवाही तक सीमित रहेगा या फिर सदन में ऐसा सियासी संग्राम देखने को मिलेगा, जो आने वाले दिनों की राजनीति की दिशा तय कर देगा।