स्वतंत्र बोल
रायपुर 19 नवंबर, 2026: प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में उत्कृष्ट काम के लिए छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार दिए जाएंगे। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने स्वनिधि सम्मान अवॉर्ड्स-2026 के लिए छत्तीसगढ़ के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकाय का चयन किया है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल 20 नवंबर को नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में ये पुरस्कार प्रदान करेंगे। राज्य की ओर से उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और संबंधित नगरीय निकायों के अधिकारियों की टीम पुरस्कार ग्रहण करेगी।
पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए सम्मान
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय प्रशासन विभाग और तीनों नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव की बात है। साव के मुताबिक, राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन नगरीय निकायों के बेहतर काम और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण के प्रयासों को दर्शाता है।
छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस योजना से छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और प्रतिबद्धता से काम करने की प्रेरणा देगा। स्वनिधि सम्मान अवॉर्ड्स-2026 के तहत राज्य और तीन नगरीय निकायों को मिले इस चयन के लिए 20 नवंबर को नई दिल्ली में पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा।


