गांव-गांव में खपाई जा रही थी महुआ शराब… आबकारी टीम ने मारी दबिश, दो तस्कर जेल भेजे गए

स्वतंत्र बोल
रायगढ़ 25 मई 2026:रायगढ़ जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17.200 लीटर शराब जब्त की है। छापेमारी के दौरान टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

ad

कलेक्टर के निर्देश और सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त-खरसिया की टीम लगातार अवैध शराब कारोबारियों पर नजर बनाए हुए थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने अलग-अलग गांवों में दबिश देकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

youtube

अभियान का नेतृत्व आबकारी उप निरीक्षक कुशल पटेल ने किया। जांच के दौरान ग्राम सोंड़का निवासी परदेशी कंवर के कब्जे से 10.200 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। वहीं ग्राम बासनपाली निवासी उमा बंजारे के पास से 7 लीटर अवैध शराब जब्त हुई।

दोनों मामलों में कुल 17.200 लीटर महुआ शराब बरामद कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। बाद में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ग्रामीण इलाकों में चल रहे इस काले कारोबार को खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने साफ कहा है कि अवैध शराब सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए खतरा नहीं, बल्कि लोगों की सेहत के लिए भी गंभीर जोखिम बन चुकी है। यही वजह है कि विभाग अब शिकायत मिलते ही तुरंत दबिश दे रहा है।

आबकारी विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि अगर कहीं अवैध शराब बनाई या बेची जा रही हो, तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।