स्वतंत्र बोल
रायपुर 26 सितंबर 2026: छत्तीसगढ़ में हो रही भारी बारिश का सीधा असर रेल यातायात पर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं। ट्रेनों की इस लेट-लतीफी के कारण यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनकी परेशानी काफी बढ़ गई है।
2 से 5 घंटे तक विलंबित रहीं एक्सप्रेस ट्रेनें
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच रायपुर पहुंचने वाली कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें 2 से लेकर 5 घंटे तक विलंब से आईं। प्रमुख ट्रेनों में देरी का विवरण इस प्रकार है:
-
समता एक्सप्रेस: करीब 3 घंटे लेट
-
दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस: 3 घंटे 45 मिनट देरी से पहुंची
-
पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस: 2 घंटे 45 मिनट विलंबित
-
विशाखापट्टनम-दुर्ग एक्सप्रेस: करीब 2 घंटे की देरी
इसके अलावा दुर्ग से रायपुर के बीच चलने वाली लोकल ट्रेनों को भी आउटर पर लंबे समय तक रोका जा रहा है, जिससे महज कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में यात्रियों को एक घंटे से अधिक का समय लग रहा है।
अंबिकापुर एक्सप्रेस एक महीने से लगातार हो रही लेट
अंबिकापुर एक्सप्रेस की लेट-लतीफी से यात्री लंबे समय से परेशान हैं। इस ट्रेन के रायपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे है, लेकिन बीते एक महीने से यह रोजाना 3 से 4 घंटे देरी से पहुंच रही है। वापसी के दौरान भी स्थिति खराब है, जिसके चलते अंबिकापुर स्टेशन पर यात्रियों को रात 12 बजे से 1 बजे तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है।
सफर आगे बढ़ने के साथ बढ़ती गई ट्रेनों की देरी
दुर्ग से सही समय पर रवाना होने के बाद भी आगे के स्टेशनों तक पहुंचते-पहुंचते ट्रेनों की देरी लगातार बढ़ती गई:
-
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस: दुर्ग से निकलने के बाद रायपुर पहुंचते समय 9 मिनट लेट थी। भाटापारा तक देरी 29 मिनट, उसलापुर तक 31 मिनट, पेंड्रारोड तक 1 घंटे 40 मिनट और शहडोल पहुंचते-पहुंचते 2 घंटे 3 मिनट विलंबित हो गई।
-
साउथ बिहार एक्सप्रेस: दुर्ग से सही समय पर चलने के बाद रायपुर में 5 मिनट, तिल्दा में 31 मिनट और सक्ती पहुंचते-पहुंचते 1 घंटे 12 मिनट लेट हो गई।
शहडोल रूट की आधा दर्जन ट्रेनें प्रभावित
शहडोल होकर रायपुर की ओर आने वाली अमरकंटक और सारनाथ एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनें रोजाना 3 घंटे से अधिक की देरी से चल रही हैं। बिलासपुर और दुर्ग से निर्धारित समय पर चलने के बावजूद लोकल ट्रेनें भी आउटर पर रोके जाने के कारण रायपुर पहुंचते-पहुंचते 1 से 2 घंटे तक लेट हो रही हैं।


