स्वतंत्र बोल
लखनऊ 26 नवंबर 2026: 1995 बैच के IPS अधिकारी आलोक सिंह को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह फिलहाल प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के महानिदेशक और उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (SSF) के DG की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। आलोक सिंह जनवरी 2027 में रिटायर होने वाले हैं। वह 23 जनवरी 2029 तक UPPSC अध्यक्ष के पद पर रहेंगे। उनकी नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए चयन करने वाली चारों प्रमुख संस्थाओं की कमान पुलिस अधिकारियों के हाथ में आ गई है। इनमें UPPSC, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC), उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड शामिल हैं।
संजय श्रीनेत के रिटायर होने के बाद खाली था पद
UPPSC के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत 21 नवंबर 2026 को रिटायर हो गए थे। उनके जाने के बाद आयोग के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अशोक कुमार वर्मा को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया गया था। नए अध्यक्ष के चयन के लिए कार्मिक विभाग ने अक्टूबर में आवेदन मांगे थे। इस पद के लिए 60 से ज्यादा आवेदन मिलने की बात सामने आई थी। इनमें आलोक सिंह के अलावा हाल ही में रिटायर हुए IAS अधिकारी दीपक कुमार और अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना के नाम भी चर्चा में थे।
चारों भर्ती संस्थाओं के अध्यक्ष कौन?
उत्तर प्रदेश में सरकारी भर्तियों से जुड़ी चार प्रमुख संस्थाएं हैं। इनमें से तीन की कमान पहले से ही IPS अधिकारियों के पास है।
- UPSSSC: इसके अध्यक्ष पूर्व DGP सत्यनारायण साबत हैं।
- उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग: इसकी जिम्मेदारी पूर्व DGP प्रशांत कुमार संभाल रहे हैं।
- उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड: इसके अध्यक्ष IPS अधिकारी एसबी शिरडकर हैं।
- UPPSC: अब इसकी कमान 1995 बैच के IPS अधिकारी आलोक सिंह को सौंपी गई है।
आलोक सिंह की नियुक्ति के बाद इन चारों संस्थाओं के अध्यक्ष पुलिस सेवा से होंगे।
कौन हैं आलोक सिंह?
आलोक सिंह 1995 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के IPS अधिकारी हैं। वह अलीगढ़ के रहने वाले हैं। पुलिस सेवा में उन्होंने कई अहम पदों पर काम किया है। जनवरी 2020 में उन्हें गौतमबुद्ध नगर यानी नोएडा का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इसके अलावा वह कानपुर जोन के ADG, मेरठ रेंज के IG और कानपुर में SSP व IG के पद पर भी रह चुके हैं। मई 2026 में उन्हें DG रैंक पर प्रमोट किया गया था। फिलहाल वह PAC के महानिदेशक और उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के DG की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनका रिटायरमेंट जनवरी 2027 में होना है।


