कोलकाता भगदड़ के बाद बड़ा एक्शन, पूजा समिति के सचिव समेत 7 गिरफ्तार

Stampede at Kolkata's Chorbagan Durga Puja pandal 1792256109676 m

स्वतंत्र बोल
कोलकाता 18 अक्टूबर 2026:
उत्तर कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा मंडप में भगदड़ के बाद पुलिस ने पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। हादसे की जांच के दौरान 14 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ के बाद सात लोगों को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए कोलकाता में रविवार, 18 अक्टूबर से मंगलवार, 20 अक्टूबर तक धारा 163 लागू की गई है। चोरबागान समेत शहर के पांच प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की एंट्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

ad

गिरफ्तार आरोपियों में पूजा समिति के पदाधिकारी, पंडाल के ढांचे के निर्माण और भीड़ नियंत्रण से जुड़े लोग तथा दो निजी सुरक्षा गार्ड शामिल हैं। प्रशासन ने बड़े पूजा पंडालों में प्रवेश और निकास के प्रबंधन के साथ वीआईपी पास की जांच और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं।

youtube

पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष गिरफ्तार

पुलिस ने पूजा समिति के सचिव राजकुमार सेओडा उर्फ राजा (48) और उपाध्यक्ष शांतनु दुबे (55) को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा पंडाल के बांस के ढांचे के निर्माण का काम देखने वाले बिप्लब मुखर्जी उर्फ जॉय (48) को भी पकड़ा गया है।

भीड़ नियंत्रण और वीआईपी पास की जांच की जिम्मेदारी संभालने वाले कौशिक साहा (53) और पिंटू डे (51) भी गिरफ्तार किए गए हैं। सुरक्षा में लापरवाही के आरोप में निजी सुरक्षा गार्ड सुमन चक्रवर्ती (30), निवासी बसीरहाट, और राजेश पाल (29), निवासी हुगली, को भी गिरफ्तार किया गया है।

तीन दिन तक धारा 163 लागू, पांच पंडालों में प्रवेश बंद

सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद कोलकाता पुलिस ने शहर में कड़े प्रतिबंध लागू किए हैं। आदेश रविवार, 18 अक्टूबर से मंगलवार, 20 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान घातक हथियार ले जाने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी।

सुरक्षा कारणों से चोरबागान के अलावा तला प्रति, चेतला अग्रानी, अलीपुर सर्वजनिन और पार्क स्ट्रीट स्थित एलन पार्क के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं का प्रवेश अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

एलन पार्क में 20 अक्टूबर को प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन का संगीत कार्यक्रम भी आयोजित होना है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, भगदड़ के बाद इस कार्यक्रम के रद्द होने की संभावना जताई गई है।

VIP पास और भीड़ नियंत्रण पर सख्ती

भगदड़ के बाद राज्य प्रशासनिक मुख्यालय भवानी भवन में अहम बैठक हुई। इसमें पुलिस महानिदेशक, मुख्य सचिव, गृह सचिव और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में सभी जिलों के जिलाधिकारियों, पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ प्रवेश और निकास मार्गों की व्यवस्था की समीक्षा की गई। बड़े पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने और वीआईपी पास व प्रवेश पर सख्त नियंत्रण लागू करने का निर्णय लिया गया।

अमित शाह ने अस्पताल में घायलों का हाल जाना

रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंचे। उन्होंने कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान प्रदेश नेतृत्व के लोग भी उनके साथ मौजूद रहे।

मंदिर में पूजा के बाद अमित शाह ने अस्पताल पहुंचकर चोरबागान भगदड़ में घायल हुए श्रद्धालुओं का हालचाल जाना।

भगदड़ में युवती की भी गई जान

इस हादसे में कंकुरगाछी की रहने वाली शुभम सोनकर की भी मौत हो गई। वह अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ मंदिर दर्शन के लिए पहुंची थीं। भगदड़ के दौरान भीड़ के दबाव में वह परिवार से बिछड़ गईं।

परिजनों ने उन्हें तलाशने की काफी कोशिश की, लेकिन जब तक वे उन्हें ढूंढ पाए, उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और बड़े पूजा पंडालों में भीड़ प्रबंधन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है।