‘शीशमहल’ में क्या हुआ था उस रात? राघव चड्ढा को “मुर्गा बनाकर पीटा”… वीडियो से उठा सियासी तूफान!

स्वतंत्र बोल

नई दिल्ली/हरियाणा 04 अप्रैल 2026। राजनीति के गलियारों में एक नया विवाद जोर पकड़ता जा रहा है। आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद ने एक वीडियो जारी कर ऐसा दावा किया है, जिसने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। जयहिंद का आरोप है कि राघव चड्ढा के साथ दिल्ली के कथित ‘शीशमहल’ यानी मुख्यमंत्री आवास दिल्ली में न सिर्फ अपमान किया गया, बल्कि मारपीट भी हुई।

जयहिंद के मुताबिक, यह घटना उस समय की है जब अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री थे। उन्होंने दावा किया कि राघव चड्ढा को “मुर्गा बनाकर पीटा गया” और यह सब चार नेताओं की मौजूदगी में हुआ। इतना ही नहीं, जयहिंद ने यह भी कहा कि इस दौरान राघव की आंख में चोट लगी थी, जिसके इलाज के लिए उन्हें इंग्लैंड जाना पड़ा।

वीडियो में जयहिंद ने यह सवाल भी उठाया कि उस वक्त राघव चड्ढा की विदेश यात्रा को लेकर अलग-अलग कयास लगाए गए थे—किसी ने इसे निजी दौरा बताया, तो किसी ने हनीमून। लेकिन अब जयहिंद का दावा है कि इसके पीछे की असली वजह कुछ और थी।

उन्होंने राघव चड्ढा के हालिया बयान—“मैं दरिया हूं, सैलाब आएगा”—पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है कि वे “सच सामने लाएं”। जयहिंद ने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा “दिल्ली और पंजाब के कई राजदार” हैं और उन्हें उन कथित घटनाओं का खुलासा करना चाहिए, जिनमें “डील” और “सूटकेस” जैसी बातें शामिल हैं।

सबसे बड़ा सवाल—कौन थे वो चार लोग?
जयहिंद ने सीधे चुनौती देते हुए कहा कि अगर राघव चड्ढा खुलकर बोलते हैं, तो उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उस समय वहां मौजूद चार लोग कौन थे, जिनके सामने यह कथित घटना हुई।

फिलहाल, इन गंभीर आरोपों पर न तो राघव चड्ढा और न ही आम आदमी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। ऐसे में यह मामला और भी रहस्यमय होता जा रहा है।

अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या राघव चड्ढा इस पूरे विवाद पर चुप्पी तोड़ेंगे या फिर सियासी गलियारों में उठे ये सवाल यूं ही गूंजते रहेंगे।