स्वतंत्र बोल
मुंबई 26 नवंबर 2026: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इसमें मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय और अमिताभ बच्चन के घर को बम से उड़ाने की बात कही गई है। ईमेल मिलने के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम BMC कार्यालय पहुंची। टीम कार्यालय और परिसर की जांच कर रही है। धमकी के बाद पुलिस अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर भी सक्रिय है।
अमिताभ को पहले भी मिल चुकी है धमकी
अमिताभ बच्चन को कुछ महीनों के भीतर पहले भी दो बार धमकी मिल चुकी है। पहली बार धमकी मिलने के दौरान उनके बंगले जलसा को निशाना बनाने की बात कही गई थी। दूसरी बार धमकी के मामले में अमिताभ के साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन का भी नाम सामने आया था। उस समय गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई थी। इसमें दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। पोस्ट में बुलेटप्रूफ केबिन का भी जिक्र था।
बुलेटप्रूफ केबिन में दिखे थे अमिताभ
अमिताभ बच्चन हर रविवार को अपने बंगले जलसा के बाहर प्रशंसकों से मिलते हैं। पहले मिली धमकियों के बीच एक रविवार को वह एक ग्लास शील्ड के अंदर नजर आए थे। उस समय ऐसी जानकारी सामने आई थी कि यह बुलेटप्रूफ केबिन है। इस दौरान अभिषेक बच्चन भी उनके साथ खड़े नजर आए थे। बाद में सामने आई धमकी में अमिताभ और अभिषेक के साथ बुलेटप्रूफ केबिन का भी जिक्र किया गया था।
जलसा के आसपास बढ़ाई गई सुरक्षा
धमकियों के बाद मुंबई पुलिस ने फिल्मी सितारों की सुरक्षा की समीक्षा की थी। इसके बाद अमिताभ बच्चन के बंगले के बाहर सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किए गए। जलसा के बाहर सुरक्षा गार्डों के साथ मुंबई पुलिस के हथियारबंद जवान तैनात किए गए। इलाके में अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई और आसपास नजर रखने के लिए हाई-रेजोल्यूशन CCTV कैमरे लगाए गए। सुरक्षा के मद्देनजर बंगले के आसपास पार्किंग को लेकर भी सख्ती की गई है। प्रतिबंधित क्षेत्र में गैर-जरूरी आवाजाही और फोटो-वीडियो बनाने पर पाबंदी लगाई गई है।


