हवाला के 1,200 करोड़ और अवैध बिक्री का नेटवर्क, विकास अग्रवाल से सवाल, खुलेगा शराब सिंडिकेट का पूरा नेटवर्क?

Images (3)

स्वतंत्र बोल
रायपुर 26 नवंबर 2026:
छत्तीसगढ़ के 3,200 करोड़ रुपए के शराब घोटाले में फरार विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को भारत लाने के लिए ACB-EOW की विशेष टीम दुबई पहुंच गई है। IG अमरेश मिश्रा के नेतृत्व में गई टीम में DSP राहुल शर्मा, रोशन आहूजा समेत तीन DSP शामिल हैं। टीम दुबई में प्रत्यर्पण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। जांच एजेंसी की कोशिश है कि 28 नवंबर तक सुब्बू को भारत लाकर रायपुर में पूछताछ शुरू की जाए। रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई पुलिस ने इसी महीने इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर सुब्बू को हिरासत में लिया था। उसके खिलाफ EOW की विशेष अदालत से गिरफ्तारी वारंट भी जारी है। एजेंसी ने प्रत्यर्पण के लिए जरूरी कानूनी दस्तावेज तैयार कराए हैं। इनका अरबी और अंग्रेजी में अनुवाद कराने के बाद दुबई भेजा गया है। छत्तीसगढ़ की किसी राज्य स्तरीय जांच एजेंसी की ओर से आरोपी को पकड़ने के लिए विदेश में टीम भेजने की यह पहली कार्रवाई बताई जा रही है। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि सुब्बू से पूछताछ में शराब सिंडिकेट के नेटवर्क और कथित हवाला लेन-देन से जुड़े कई अहम सुराग मिल सकते हैं।

ad

सरकारी शराब दुकानों में अवैध बिक्री का नेटवर्क संभालता था सुब्बू

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल शराब सिंडिकेट में सिर्फ पैसों का हिसाब नहीं रखता था, बल्कि सरकारी शराब दुकानों में अवैध शराब की बिक्री का नेटवर्क भी संभालता था। घोटाले के कारोबार को पार्ट-A, पार्ट-B और पार्ट-C में बांटा गया था। इनमें पार्ट-B के तहत सरकारी शराब दुकानों में अवैध शराब बेचने की जिम्मेदारी सुब्बू के पास होने का आरोप है। जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, डुप्लीकेट होलोग्राम लगी शराब की पेटियां फैक्ट्रियों से सीधे सरकारी दुकानों तक पहुंचाई जाती थीं। दुकानों में इनकी बिक्री के लिए अलग गल्ले रखे जाते थे। इस तरह सरकारी शराब कारोबार के समानांतर अवैध शराब की बिक्री का नेटवर्क चलाया जा रहा था। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि सुब्बू से पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े लोगों, शराब की सप्लाई और वसूली की रकम के बारे में जानकारी मिल सकती है।

youtube

अनवर ढेबर के संपर्क में आने के बाद सिंडिकेट में बढ़ी भूमिका

विकास अग्रवाल पहले सराफा कारोबार से जुड़ा था। बाद में वह होटल कारोबारी अनवर ढेबर के संपर्क में आया और धीरे-धीरे शराब सिंडिकेट का अहम सदस्य बन गया। उसने रायपुर के कारोबारी सिद्धार्थ सिंघानिया से जुड़ी मैनपावर सप्लाई कंपनी सुमित फैसिलिटीज का काम भी संभाला था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब कारोबार से जुड़े सिंडिकेट में उसकी भूमिका बढ़ती गई। डिस्टिलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंसधारकों से कमीशन के नाम पर होने वाली वसूली का हिसाब रखने में भी वह शामिल था। शराब कारोबार के अलग-अलग हिस्सों से मिलने वाली कथित अवैध कमाई का प्रबंधन भी उसके जिम्मे होने की बात जांच में सामने आई है।

1,200 करोड़ रुपए हवाला से दुबई भेजने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, शराब सिंडिकेट से हुई कथित अवैध कमाई का बड़ा हिस्सा हवाला के जरिए विदेश भेजा गया। विकास अग्रवाल पर करीब 1,200 करोड़ रुपए हवाला नेटवर्क के माध्यम से दुबई पहुंचाने का आरोप है। बताया जाता है कि वह जुलाई 2022 में मुंबई के रास्ते भारत से विदेश चला गया था। बाद में उसने अपने परिवार को भी UAE बुला लिया था। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि हवाला के जरिए भेजी गई रकम किन लोगों तक पहुंची और विदेश में उसका इस्तेमाल कहां किया गया। सुब्बू से पूछताछ में कथित लेन-देन और उसके अंतिम लाभार्थियों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।