सेहत का अलर्ट, खाने में कितना है खतरा ,चिप्स का पैकेट उठाते ही दिखेगा सेहत से जुड़ा ये संकेत

Untitled

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 26 नवंबर 2026:
चिप्स, बिस्किट और दूसरे पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदते समय अब उनकी पोषण संबंधी जानकारी सामने ही दिखाई देगी। सुप्रीम कोर्ट ने ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले खाद्य पदार्थों के पैकेट पर सामने की तरफ लाल चेतावनी लेबल लगाने का निर्देश दिया है। इसके लिए हर नुकसानदेह तत्व की अलग पहचान बतानी होगी। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को नए नियमों का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए 4 महीने का समय दिया है। जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर यह आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि संविधान में स्वास्थ्य के अधिकार की बात कही गई है। इसलिए इस दिन से बेहतर मौका नहीं हो सकता था। बेंच के मुताबिक, आदेश को सही भावना से लागू किया गया तो यह देश को स्वस्थ भविष्य की ओर ले जाने में मददगार होगा।

ad

पैकेट पर कैसा होगा लाल चेतावनी निशान?

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, ज्यादा फैट, चीनी और नमक वाले खाद्य पदार्थों के पैकेट के सामने अलग-अलग लाल रंग के हेक्सागन यानी षट्कोण के आकार के लेबल लगाने होंगे। इनमें संबंधित तत्व की जानकारी बड़े अक्षरों में दी जाएगी। लेबल पर ‘HIGH FAT’, ‘HIGH SUGAR’ या ‘HIGH SALT’ लिखा होगा। कोर्ट ने कहा है कि हर लाल हेक्सागन का आकार पैकेट के सामने वाले हिस्से का कम से कम 4 से 5% होना चाहिए। इसका मकसद यह है कि ग्राहक पैकेट उठाते ही चेतावनी पढ़ सके।

youtube

अब कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट के आधार पर तय होगी चेतावनी

अदालत ने लेबलिंग के पैमाने में बदलाव करने का निर्देश दिया है। अब चेतावनी तय करने के लिए सिर्फ एडेड शुगर यानी अलग से मिलाई गई चीनी नहीं, बल्कि पैकेट में मौजूद कुल चीनी, सैचुरेटेड फैट और नमक की मात्रा को आधार बनाया जाएगा। इसके लिए FSSAI को नए सिरे से सीमा यानी थ्रेशोल्ड तय करनी होगी। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि DGI 2024 की टेबल 15.1 को ज्यों का त्यों लागू नहीं किया जाएगा। इससे पहले सुनवाई के दौरान कोर्ट ने FSSAI के उस प्रस्ताव पर भी सवाल उठाए थे, जिसमें कंपनियों को अपनी मर्जी से नियम मानने के लिए 365 दिन का समय देने और नए सिरे से सलाह-मशविरा करने की बात कही गई थी।

FSSAI को 4 महीने की डेडलाइन, 10 हफ्ते बाद देनी होगी रिपोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को चेतावनी से जुड़े नियमों का ड्राफ्ट तैयार करने के लिए 4 महीने का समय दिया है। बेंच ने साफ कहा कि इस प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके अलावा FSSAI को 10 हफ्ते बाद अदालत में प्रगति रिपोर्ट भी पेश करनी होगी। इससे पता चलेगा कि नए नियम तैयार करने की दिशा में कितना काम हुआ है।

स्कूलों में बच्चों को पोषण की शिक्षा देने पर जोर

कोर्ट ने कहा कि सिर्फ खाद्य पदार्थों के पैकेट पर चेतावनी लगाने से काम नहीं चलेगा। बच्चों को भी सही खानपान के बारे में जागरूक करना जरूरी है। इसके लिए स्कूलों में न्यूट्रिशनल लिटरेसी यानी पोषण संबंधी शिक्षा लागू करने का निर्देश दिया गया है। स्कूलों के पाठ्यक्रम में बदलाव किया जाएगा और इस विषय पर विशेष वर्कशॉप भी आयोजित की जाएंगी। कोर्ट का मानना है कि बचपन से ही बच्चों को सही खानपान की समझ दी जानी चाहिए, ताकि वे जंक फूड के नुकसान को समझ सकें।