T20 स्क्वॉड का हुआ ऐलान: 22 अक्टूबर से कीवी धरती पर मुकाबला, देखिए पूरी टीम और शेड्यूल

Bhuvneshwar kumar getty

स्वतंत्र बोल
नई दिल्ली 6 अक्टूबर 2026:
 वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू मैदान पर 5 मैचों की T20 सीरीज खत्म होते ही भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड का दौरा करेगी। 22 अक्टूबर से शुरू होने वाले इस दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 16 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। 5 मैचों की इस T20 सीरीज में टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर संभालेंगे, जबकि युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। इस टीम सेलेक्शन का सबसे बड़ा आकर्षण अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की सालों बाद हुई वापसी है।

ad

भुवनेश्वर कुमार ने भारत के लिए अपना आखिरी T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2022 में खेला था। तब से वे टीम से बाहर थे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन और इस साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने के इनाम के तौर पर सेलेक्टर्स ने उन्हें यह बड़ा मौका दिया है। तेज गेंदबाजी आक्रमण में उनके साथ अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और युवा प्रिंस यादव शामिल हैं।

youtube

सेलेक्टर्स ने इस दौरे के लिए युवाओं और फॉर्म में चल रहे विस्फोटक खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को टीम में चुनकर बड़ा मौका दिया गया है। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन और नमन धीर के रूप में आक्रामक विकल्प मौजूद हैं। वहीं ऑलराउंडर के तौर पर अक्षर पटेल, शिवम दुबे और नीतीश कुमार रेड्डी टीम में संतुलन बनाएंगे। स्पिन गेंदबाजी का जिम्मा कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती की जोड़ी के पास रहेगा।

श्रृंखला का पहला T20 मुकाबला 22 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 24 अक्टूबर को इसी मैदान पर होगा। तीसरा T20 मैच 27 अक्टूबर को वेलिंगटन, चौथा मैच 30 अक्टूबर को ऑकलैंड और पांचवां व अंतिम मुकाबला 1 नवंबर को हैमिल्टन में आयोजित किया जाएगा।