GST का शिकंजा: माइंस ठेकेदार के ठिकानों पर दबिश, खंगाले गए कागजात और डिवाइस


स्वतंत्र बोल
भानुप्रतापपुर,02 मई 2026:
छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर में शुक्रवार देर रात GST विभाग ने एक बड़ी और गोपनीय कार्रवाई को अंजाम दिया। माइंस ठेकेदार अरविंद साहू के घर और कार्यालय पर अचानक छापेमारी की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली और रायपुर से आई जीएसटी अधिकारियों की संयुक्त टीम दो गाड़ियों में मौके पर पहुंची और बाजारपार स्थित निवास तथा दल्लीरोड स्थित कार्यालय पर एक साथ दबिश दी। यह पूरी कार्रवाई रात करीब 11 बजे से 1 बजे तक चली, जिसमें अधिकारियों ने वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की गहन जांच की।

सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान टीम ने कार्यालय से प्रिंटर सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर यह जानकारी नहीं दी गई है कि किन-किन दस्तावेजों या उपकरणों को जब्त किया गया है।

बताया जा रहा है कि अरविंद साहू नीको जायसवाल ग्रुप की खदानों में ठेके का काम करता है। इस कार्रवाई को लेकर खास बात यह रही कि पूरी छापेमारी बेहद गोपनीय तरीके से की गई, यहां तक कि स्थानीय पुलिस को भी इसकी पूर्व सूचना नहीं थी।

गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी ठेकेदार के रायपुर स्थित कार्यालय में जीएसटी विभाग द्वारा छापा मारा गया था। इस बार की कार्रवाई को उसी कड़ी में देखा जा रहा है।

फिलहाल, मामले में विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं ठेकेदार अरविंद साहू से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।