स्वतंत्र बोल
सरगुजा ,02 मई 2026: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पत्नी द्वारा पति पर उबलता पानी फेंकने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और अब जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।
यह मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पीड़ित एक किसान है, जिसकी पत्नी घर में शराब बनाने का काम करती थी। इस वजह से उनके घर पर लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। जब पति ने पत्नी को शराब बनाने से मना किया, तो वह गुस्से में आ गई और उसने गर्म चावल से निकला उबलता पानी पति के ऊपर फेंक दिया।
गर्म पानी की चपेट में आते ही पीड़ित बुरी तरह झुलस गया और दर्द से चीखने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि घरेलू विवाद किस तरह पल भर में खतरनाक रूप ले सकते हैं।


