एक छोटे से कैफे ने कैसे बदल दी 37 महिलाओं की जिंदगी? जानिए पीएम मोदी के सामने क्या बोलीं हीना

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 30 अक्टूबर 2026:
छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं अपनी कड़ी मेहनत, उद्यमशीलता और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। इसकी एक प्रेरणादायक झलक गुजरात के एकता नगर में आयोजित ‘भारत पर्व 2026’ के दौरान देखने को मिली, जब कोरिया जिले की महिला उद्यमी एवं मिलेट्स कैफे की संचालिका श्रीमती हीना को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रूबरू होने और अपनी सफलता की कहानी साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने पीएम मोदी को बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़कर किस प्रकार ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

ad

37 महिलाओं की आजीविका का जरिया बना कोरिया मिलेट्स कैफे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद के दौरान श्रीमती हीना ने साझा किया कि कोरिया जिले में उनके द्वारा संचालित मिलेट्स कैफे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का एक मजबूत माध्यम बन चुका है। इस कैफे से जुड़कर 37 महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों के जरिए नियमित रूप से आय अर्जित कर रही हैं। कभी सीमित साधनों पर निर्भर रहने वाली ये ग्रामीण महिलाएं आज अपने हुनर और सामूहिक प्रयासों से स्वरोजगार की अनूठी मिसाल पेश कर रही हैं। उन्होंने बताया कि ‘बिहान’ योजना ने महिलाओं को संगठित होकर आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं को एक सफल उद्यम में बदलने का बेहतरीन मंच दिया है।

youtube

श्री अन्न के स्वाद से देश भर में पहुंच रही छत्तीसगढ़ की पहचान

श्रीमती हीना ने प्रधानमंत्री को यह भी बताया कि कोरिया मिलेट्स कैफे में मोटे अनाज यानी श्री अन्न से विभिन्न प्रकार के पौष्टिक और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इससे एक तरफ जहां सेहतमंद खानपान को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ की समृद्ध खाद्य संस्कृति देश के कोने-कोने तक पहुंच रही है। भारत पर्व में लगाए गए छत्तीसगढ़ के पारंपरिक मिलेट्स व्यंजनों के स्टॉल पर देश भर से आने वाले सैलानी खासे आकर्षित हो रहे हैं।

राष्ट्रीय मंच पर गूंजा छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति का गौरव

गौरतलब है कि गुजरात के एकता नगर में 30 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक ‘भारत पर्व’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय मंच पर देश के विभिन्न राज्यों के शिल्पकार, उद्यमी और स्व-सहायता समूह अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजनों का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रतिष्ठित आयोजन में कोरिया जिले की उद्यमी श्रीमती हीना की प्रधानमंत्री से बातचीत छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और उनकी आर्थिक तरक्की का एक गौरवशाली उदाहरण बन गई है।