रिजल्ट का डर बना मौत का कारण: 10वीं में फेल होने से टूटा 17 साल का छात्र, लगा ली फांसी

स्वतंत्र बोल
बालोद ,02 मई 2026:
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां 10वीं कक्षा में लगातार असफल होने से परेशान एक नाबालिग छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह घटना डौंडी थाना क्षेत्र के बंधिया पारा की है। मृतक की पहचान 17 वर्षीय राजवीर बघेल के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, राजवीर पिछले दो वर्षों से 10वीं की परीक्षा में सफल नहीं हो पा रहा था, जिससे वह गहरे मानसिक दबाव में था।

बताया जा रहा है कि पहले साल वह 6 विषयों में फेल हुआ था, जबकि इस वर्ष भी 5 विषयों में असफल रहा। लगातार मिल रही असफलता ने उसे भीतर तक तोड़ दिया था। इसी तनाव के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

परिजनों ने जब उसे घर में फंदे पर लटका देखा, तो उनके होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची डौंडी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि परीक्षा का दबाव और असफलता का डर बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर कितना गहरा असर डाल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि असफलता अंत नहीं होती, बल्कि यह सीख लेकर आगे बढ़ने का एक मौका होती है।