स्वच्छता दीदियों के मानदेय से लेकर वेतन-पेंशन तक, छत्तीसगढ़ सरकार के इस नए आबंटन से किसे क्या मिलेगा?

Untitled

स्वतंत्र बोल
रायपुर 30 अक्टूबर 2026:
दीपावली के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों का वेतन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन न रुके, इसके लिए उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव की संवेदनशील पहल पर विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने नगरीय निकायों को कुल 164 करोड़ 65 लाख रुपए का आबंटन जारी किया है। इस राशि से निकायों को दीपावली से पहले अधिकारी-कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लंबित भुगतान में बड़ी मदद मिलेगी।

ad

वेतन और पेंशन के लिए करोड़ों का प्रावधान

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए नगरीय निकायों में लंबित वेतन, पेंशन और अन्य आवश्यक भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए थे। उनके निर्देशों के अनुरूप विभाग ने लंबित वेतन के लिए 59 करोड़ 53 लाख रुपए और पेंशन भुगतान के लिए अतिरिक्त अनुदान के रूप में 34 करोड़ 85 लाख रुपए आबंटित किए हैं। इससे कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा और निकाय स्वच्छता व अन्य नागरिक सेवाओं का संचालन भी निर्बाध रूप से कर सकेंगे।

youtube

स्वच्छता दीदियों के मानदेय और अन्य कार्यों के लिए भी राशि

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने स्वच्छता दीदियों के मानदेय का भी विशेष ध्यान रखा है। मिशन क्लीन सिटी के अंतर्गत स्वच्छता दीदियों के अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक के मानदेय भुगतान के लिए 23 करोड़ 51 लाख रुपए आबंटित किए गए हैं। इसके अलावा, नियमित मासिक चुंगी मद के अंतर्गत अक्टूबर 2026 के लिए 21 करोड़ 9 लाख रुपए और अपार निधि मरम्मत-संधारण के द्वितीय त्रैमासिक मद में 22 करोड़ 60 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही, बिलासपुर नगर निगम को नगरोत्थान योजना की द्वितीय किस्त के रूप में 3 करोड़ 8 लाख रुपए प्रदान किए जा रहे हैं। दीपावली से ठीक पहले इस वित्तीय आबंटन से निकायों की कई जरूरतें एक साथ पूरी होंगी।