स्वतंत्र बोल
रायपुर 23 अगस्त 2026 छत्तीसगढ़ में युवाओं को अब विकास के कामों से सीधे जोड़ने की तैयारी की जा रही है। ‘मेरा युवा भारत’ यानी माय भारत के डिजिटल प्लेटफॉर्म से प्रदेश के 6.60 लाख से ज्यादा युवा जुड़ चुके हैं। अब सरकार का फोकस सिर्फ ऑनलाइन पंजीकरण तक सीमित रहने के बजाय गांव से लेकर राज्य स्तर तक युवाओं का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने पर है। युवाओं को खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, कृषि, पर्यटन, पर्यावरण और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में भागीदारी के अवसर दिए जाएंगे। इसके जरिए युवाओं को जिम्मेदारियां सौंपने के साथ उनकी नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा देने की कोशिश होगी।
इसी कड़ी में प्रदेश में विकसित छत्तीसगढ़ यंग लीडर्स डायलॉग’ आयोजित करने की तैयारी है। यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ की तर्ज पर होगा। इसका उद्देश्य युवाओं से सीधे संवाद कर विकास को लेकर उनके विचार और सुझाव जानना और प्रतिभाशाली युवाओं को आगे लाना है।
माय भारत प्लेटफॉर्म को युवाओं और शासन के बीच सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म के तौर पर विकसित किया जा रहा है। यहां स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। देशभर में माय भारत से अब तक 2.45 करोड़ से ज्यादा युवा जुड़ चुके हैं। पंजीकरण के मामले में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है, जबकि छत्तीसगढ़ 11वें स्थान पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 31 अक्टूबर 2023 को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर माय भारत प्लेटफॉर्म की शुरुआत की थी।


