अग्निवीर भर्ती का सुनहरा मौका… चूक गए तो पछताएंगे, आवेदन की तारीख बढ़ी, अब इस दिन तक करें अप्लाई


सूरजपुर। युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का सुनहरा मौका एक बार फिर बढ़ा दिया गया है। भारतीय थल सेना की अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि अब 1 अप्रैल से बढ़ाकर 10 अप्रैल 2026 कर दी गई है। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास अब एक और मौका है।

ad

इस भर्ती के तहत करीब 25 हजार पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इसमें अग्निवीर तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर, अग्निवीर ट्रेडमैन सहित सिपाही के पद शामिल हैं। इस भर्ती में 8वीं पास से लेकर स्नातक तक के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा 17.5 वर्ष से 23 वर्ष तक निर्धारित की गई है, जबकि हवलदार पद के लिए आयु सीमा 20 से 25 वर्ष रखी गई है। आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 250 रुपये तय किया गया है।

youtube

इच्छुक अभ्यर्थी Join Indian Army Official Website के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित उम्मीदवारों के लिए लिखित परीक्षा (सीईई) का आयोजन संभावित रूप से 1 जून से 15 जून के बीच किया जाएगा।

खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग द्वारा पंजीकृत अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग भी दी जाएगी। जो उम्मीदवार इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं, वे विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। ऐसे में जो उम्मीदवार देश सेवा का सपना देखते हैं, उनके लिए यह एक बेहतरीन अवसर साबित हो सकता है। अब देरी करना नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए समय रहते आवेदन करना जरूरी है।