एक साल पहले हुई थी लव मैरिज, सोमवार सुबह गरियाबंद में फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी; जांच शुरू

स्वंतत्र बोल

ad

गरियाबंद 14 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सोमवार सुबह एक साल पहले लव मैरिज करने वाले पति-पत्नी के शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटके मिले। अमलीपदर थाना क्षेत्र के भेजीपदर गांव निवासी मिलाप ध्रुव और उनकी पत्नी मंजुला ध्रुव ने अज्ञात कारणों के चलते यह कदम उठाया है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

youtube

पहले जहर खाने की कोशिश, फिर लगाई फांसी

जानकारी के अनुसार, मिलाप ध्रुव ने किसी बात से आहत होकर पहले जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। इसके बाद बीती रात उसने घर के भीतर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति की मौत के बाद पत्नी मंजुला ने भी फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने घर में दोनों के शव लटके देखे, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम भेजीपदर गांव पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल घटना के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।

विवाद या अन्य वजह? जांच में जुटी पुलिस

अमलीपदर थाना पुलिस दोनों परिवारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद था या फिर घटना के पीछे कोई और वजह है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।